
रमेश राजपूत
बिलासपुर – साइबर ठगों ने अब बुजुर्गों को निशाना बनाने के लिए पेंशन कार्ड का सहारा लेना शुरू कर दिया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में 70 वर्षीय बुजुर्ग को सीनियर सिटीजन पेंशन कार्ड बनवाने का झांसा देकर उनके बैंक खाते से 11 लाख 29 हजार रुपये पार कर दिए गए। ठगों ने पहले फेसबुक पर आईसीआईसीआई बैंक के लोगो वाला विज्ञापन दिखाकर बुजुर्ग को अपने जाल में फंसाया और फिर फोन कर बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल कर ली। शिकायत पर पुलिस ने मोबाइल नंबर के धारक के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फेसबुक विज्ञापन देखकर किया लिंक पर क्लिक
मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी पवन चक्रवर्ती पिता स्वर्गीय एससी चक्रवर्ती, उम्र 70 वर्ष, उस्लापुर स्टेशन के पास स्थित अल्का एवेन्यू के निवासी हैं। उनका आईसीआईसीआई बैंक में बचत खाता है। शिकायत के मुताबिक, 11 अक्टूबर 2026 को उनके फेसबुक अकाउंट पर आईसीआईसीआई बैंक के लोगो के साथ सीनियर सिटीजन पेंशन कार्ड बनाने का विज्ञापन दिखाई दिया। बुजुर्ग ने विज्ञापन पर भरोसा करते हुए उसमें दिए गए लिंक पर क्लिक कर दिया।
फोन कर मांगी बैंक की गोपनीय जानकारी
लिंक पर क्लिक करने के कुछ समय बाद बुजुर्ग के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने सीनियर सिटीजन पेंशन कार्ड बनवाने का झांसा देते हुए पैन कार्ड नंबर और बैंक खाते से संबंधित जानकारी मांगी। इसके साथ ही एटीएम कार्ड के अंक भी पूछे गए। विज्ञापन को बैंक से जुड़ा समझकर बुजुर्ग ने भरोसा कर लिया और मांगी गई जानकारी दे दी।
नौ बार में खाते से निकले 11.29 लाख रुपये
शिकायत के अनुसार, बैंक संबंधी जानकारी हासिल करने के बाद अज्ञात व्यक्ति ने 11 अक्टूबर से लगातार नौ बार में बुजुर्ग के आईसीआईसीआई बैंक के बचत खाते से कुल 11 लाख 29 हजार रुपये का ट्रांजेक्शन कर लिया। खाते से इतनी बड़ी रकम निकलने के बाद बुजुर्ग को धोखाधड़ी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने सिविल लाइन थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। अब पुलिस संबंधित मोबाइल नंबर और बैंक खातों के माध्यम से ठगी के मामले की जांच कर रही है।