
रमेश राजपूत
रायगढ़ – मामूली विवाद ने एक महिला की जान ले ली। शराब के नशे में हुए विवाद के बाद पति ने अपनी पत्नी को हाथ-मुक्कों और बांस के डंडे से बेरहमी से पीटा, फिर पैर से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। कापू थाना क्षेत्र में हुई इस सनसनीखेज वारदात में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मृतका की पहचान 22 वर्षीय सोमारी पहाड़ी कोरवा के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति सत्यनारायण पहाड़ी कोरवा 26 वर्ष निवासी ग्राम टेढ़ासेमरा है। पुलिस के अनुसार, दोनों की शादी करीब चार साल पहले हुई थी। मृतका की मां दिनो बाई पहाड़ी कोरवा, निवासी ग्राम सारुजोबा, थाना सीतापुर, जिला सरगुजा ने 17 नवंबर को कापू थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, 15 नवंबर को सोमारी अपने पति के साथ घरेलू और व्यक्तिगत सामान खरीदने कोनपारा विजयपुर गई थी। वहां से लौटते समय कोनपारा बस्ती के पास दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। रात होने और शराब के नशे में होने के दौरान विवाद बढ़ गया। आरोपी के मुताबिक, उसकी पत्नी रास्ते में कई जगह गिर गई थी और कपड़े गीले होने के कारण उतारकर खेत के पास बैठ गई थी। वह उसे घर चलने के लिए कहता रहा, लेकिन पत्नी के नहीं उठने पर वह गुस्से में आ गया। इसके बाद उसने हाथ-मुक्कों और बांस के डंडे से उसकी जमकर पिटाई की। जमीन पर गिरने के बाद भी आरोपी ने उसे नहीं छोड़ा और पैर से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर थाना प्रभारी धर्माराम तिर्की ने पुलिस टीम के साथ ग्राम कोनपारा के बऊराहीपारा में दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम पर वारदात में इस्तेमाल बांस का डंडा भी जब्त किया है। कापू पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 186/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। कार्रवाई में थाना प्रभारी धर्माराम तिर्की, प्रशिक्षु उप निरीक्षक शिवम कोमरे, प्रधान आरक्षक सोमेश गोस्वामी सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। एसएसपी ने घरेलू विवादों में संयम बरतने की अपील करते हुए कहा कि छोटी-छोटी बातों पर आवेश में आकर हिंसा करना गंभीर अपराधों का कारण बनता है। महिलाओं के विरुद्ध हिंसा और हत्या के मामलों में पुलिस सख्त वैधानिक कार्रवाई करेगी।