
रमेश राजपूत
बिलासपुर – सेवा सहकारी समिति गुमा में चेक की रकम में काट-छांट कर 3 लाख 38 हजार रुपये का फर्जी आहरण करने के मामले में बिल्हा पुलिस ने बैंक कर्मचारी और समिति पदाधिकारी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में चेक और समिति के कार्यवाही प्रस्ताव में कूटरचना कर स्वीकृत राशि से अधिक रकम निकालने का मामला सामने आया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, सेवा सहकारी समिति मर्यादित गुमा क्रमांक 63 के तीन चेक में स्वीकृत राशि से अधिक रकम दर्ज कर आहरण किया गया। चेक क्रमांक 021914 में 51,900 रुपये की जगह 89,900 रुपये, चेक क्रमांक 021019 में 1,82,080 रुपये की जगह 2,82,080 रुपये और चेक क्रमांक 016635 में 80,150 रुपये की जगह 2,80,150 रुपये दर्ज किए गए। इस तरह चेकों में कूटरचना कर कुल 3,38,000 रुपये का अतिरिक्त आहरण किया गया।मामले में शिकायतकर्ता राजकुमार बरगाह ने 26 सितंबर 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच में सामने आया कि बैंक के लेखापाल ऋषिकेश पाण्डेय ने काट-छांट किए गए चेक को पास किया, जबकि कैशियर संजय सिंह बघेल ने चेक निरस्त करने के बजाय रकम का भुगतान कर दिया। वहीं समिति के प्राधिकृत अधिकारी एवं सहअध्यक्ष राजकुमार बरगाह की भूमिका भी जांच में सामने आई। पुलिस ने ऋषिकेश पाण्डेय, संजय सिंह बघेल और राजकुमार बरगाह को 21 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में थाना बिल्हा में अपराध क्रमांक 512/2026 के तहत धोखाधड़ी, कूटरचना और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं में कार्रवाई की गई है।उक्त कार्रवाई में निरीक्षक अजय साहू, उप निरीक्षक जीएल चंद्राकर एवं प्रशिक्षु उप निरीक्षक आकाश कुमार की विशेष भूमिका रही।