
उदय सिंह
बिलासपुर – शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत अपोलो चौक के पास बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात उपद्रवियों ने जमकर उत्पात मचाया। करीब एक दर्जन से अधिक लोग घंटों तक बीच सड़क पर हंगामा और हुड़दंग करते रहे। इस दौरान सड़क से गुजरने वाले बाइक, ऑटो और कार चालकों को रोककर गालीगलौच करते रहे जिसके कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। उपद्रवियों के आतंक के चलते राहगीर सड़क से गुजरने में भी डरते रहे। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हैरानी की बात यह है कि काफी देर तक सड़क पर उपद्रव मचता रहा, लेकिन मौके पर पुलिस की मौजूदगी नजर नहीं आई। इस दौरान गनीमत रही कि कोई बड़ी या गंभीर घटना नहीं हुई। पुलिस की पेट्रोलिंग व्यवस्था पर भी इस घटना ने सवाल खड़े कर दिए हैं। जब काफी देर तक कोई पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा तो एक राहगीर ने पूरी घटना को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया और इसकी सूचना सरकंडा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक उत्पात मचाने वाले सभी लोग वहां से फरार हो चुके थे। बताया जा रहा है कि उपद्रव करने वाले कई लोगों ने अपने चेहरे पर मास्क लगा रखे थे और हथियार भी लहरा रहे थे।
आखिर आधी रात सड़क पर क्या कर रहे थे उपद्रवी?
बीच सड़क पर एक साथ इतने लोगों के हुड़दंग मचाने के पीछे आखिर क्या वजह थी? क्या किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी थी या फिर यह महज असामाजिक तत्वों की गुंडागर्दी थी? फिलहाल इन सवालों का जवाब सामने नहीं आया है। बताया जा रहा है कि पुलिस अब तक किसी भी उपद्रवी की पहचान नहीं कर पाई है। इस घटना ने सरकंडा पुलिस की रात्रिकालीन पेट्रोलिंग और कानून-व्यवस्था की निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर के व्यस्त मार्ग पर घंटों तक उपद्रव होने के बावजूद पुलिस की देरी से पहुंचना चिंता का विषय है। अब देखना होगा कि वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कब तक कार्रवाई करती है।