
उदय सिंह
बिलासपुर – सरकंडा थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी बानगी बीती रात अपोलो अस्पताल चौक के पास देखने को मिली। रामनगर जा रहे एक बाइक सवार युवक को आधा दर्जन से अधिक आरोपियों ने बीच रास्ते में रोककर चाकू से हमला कर दिया। जान बचाने के लिए युवक किसी तरह वहां से भागा और घर के पास पहुंचा, तब उसे पता चला कि हमले के दौरान चाकू उसकी पीठ में ही फंसा रह गया है। गंभीर रूप से घायल युवक को परिजन तत्काल सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार, लिंगियाडीह अपोलो चौक निवासी ईश्वर गोंड पिता नंदू गोंड बीती रात करीब 11:30 बजे बाइक से रामनगर की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में मौजूद आधा दर्जन से अधिक युवकों ने उसे रोक लिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से घबराया ईश्वर अपनी जान बचाने के लिए मौके से भाग निकला। वह किसी तरह घर के पास पहुंचा, लेकिन तब उसकी नजर अपनी पीठ पर पड़ी, जहां हमलावरों का चाकू धंसा हुआ था। यह देखकर परिजन भी घबरा गए और बिना देर किए उसे सिम्स अस्पताल पहुंचाया।
बीच सड़क पर गुंडागर्दी, पुलिस गश्त पर उठे सवाल

अपोलो अस्पताल चौक सरकंडा क्षेत्र का महत्वपूर्ण और आवाजाही वाला इलाका है। इसके बावजूद रात करीब साढ़े 11 बजे बीच सड़क पर आधा दर्जन से अधिक युवकों द्वारा चाकू से हमला किए जाने की घटना ने पुलिस की रात्रि गश्त और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिरकार इतने महत्वपूर्ण चौक के आसपास बदमाशों का जमावड़ा कैसे लगा रहा और उन्हें इस तरह खुलेआम हमला करने की हिम्मत कैसे मिली? स्थानीय स्तर पर पहले भी इस इलाके में बीच सड़क पर गुंडागर्दी और उत्पात को लेकर आशंकाएं जताई जाती रही हैं। अब चाकूबाजी की इस घटना ने उन आशंकाओं को और गंभीर बना दिया है। घटना से जुड़ा वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें दिखाई देने वाले घटनाक्रम ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। अब देखना होगा कि सरकंडा पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कितनी तेजी से कार्रवाई करती है और रात के समय इस संवेदनशील इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए क्या कदम उठाती है।