
रमेश राजपूत
बिलासपुर – सिम्स अस्पताल के सामने शनिवार को बाइक से ठोकर लगने की मामूली बात ने देखते ही देखते बड़ा रूप ले लिया। विवाद इतना बढ़ा कि युवकों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। दोनों पक्षों की ओर से बड़ी संख्या में युवक मौके पर जुट गए और एक-दूसरे पर लात-घूंसे, लाठी-डंडे तथा लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस मारपीट में मसानगंज निवासी तनवीर हुसैन और गोंड़पारा निवासी अभय यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, तनवीर हुसैन बाइक से गोंड़पारा की ओर से आ रहा था। इसी दौरान उसकी बाइक से किसी को ठोकर लग गई। इसी बात को लेकर युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ने लगा और कई युवक मौके पर पहुंच गए। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच जमकर गाली-गलौज हुई। इसके बाद मारपीट शुरू हो गई। युवकों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला किया। अचानक हुए इस मारपीट से सिम्स अस्पताल के सामने अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर युवकों को अलग किया, जिसके बाद स्थिति शांत हुई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अपराध दर्ज कर लिया है। साथ ही मारपीट में शामिल अन्य युवकों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।