छत्तीसगढ़बिलासपुर

अगर ढोर चराना रोजगार है तो जूता पॉलिश करना क्यों नहीं

देश भक्ति की लीक से हटकर कोई भी बात सहज रूप से स्वीकारी नहीं जा रही ,इसलिए जरूरी है कि प्रदर्शन के तरीकों पर सौ बार विचार किया जाए

बिलासपुर प्रवीर भट्टाचार्य

लोकसभा चुनाव की घोषणा दो-चार दिनों में हो जाएगी। वैसे तो देश इन दिनों पूरे साल भर चुनाव मोड में ही रहता है ,लेकिन लोकसभा चुनाव की बात ही निराली है। लोकसभा चुनाव के पहले सभी राजनीतिक दलों की सरगर्मियां तेज हो गई है। देश में छोटी बड़ी पार्टियों के बीच मुख्य मुकाबला हमेशा से ही कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच रहा है इसलिए इन्हीं दोनों पार्टियों के बीच घमासान तेज होता नजर आ रहा है ।आरोप-प्रत्यारोप के साथ कार्यकर्ता अजीबोगरीब प्रदर्शन से मतदाताओं का ध्यान खींचने की कोशिश कर रहे हैं। एयर स्ट्राइक के बाद जहां देशभर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी की लोकप्रियता बढ़ी है वहीं यह बात विरोधियों के लिए चिंता का विषय बन चुकी है। हालिया सर्वे भारतीय जनता पार्टी की सत्ता में वापसी के संकेत दे रहे हैं, देश का मूड बता रहा है कि देश नरेंद्र मोदी को ही दोबारा प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहता है ।राहुल गांधी का राफेल सही निशाने पर प्रहार नहीं कर पाया। वहीं प्रियंका गांधी वाड्रा को हर बार की तरह नए सिरे से लॉन्च करना भी खास प्रभावी होता नहीं दिख रहा है, इसलिए अब विरोध करने के लिए नए नए तरीके खोजे जा रहे हैं । शनिवार को कांग्रेस के अनुषांगिक संगठन एनएसयूआई और युवा कांग्रेस द्वारा बिलासपुर में अनोखे तरीके से केंद्र सरकार का विरोध किया गया।

नेहरू चौक और विश्वविद्यालय परिसर में छात्र नेताओं ने सांकेतिक रूप से जूते पॉलिश कर पढ़े-लिखे बेरोजगारों की दयनीय स्थिति को प्रदर्शित करने का प्रयास किया ।छात्र नेताओं ने आरोप मढ़ा की केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने चुनाव से पहले हर साल ढाई करोड़ रोजगार देने का वादा किया था लेकिन वह उन वादों पर खरा नहीं उतरी। देश में बेरोजगारी तेजी से बढ़ रही है। इसलिए अब पढ़े लिखे बेरोजगारों को शू पॉलिश करना होगा। इन आंदोलनकारियों ने केंद्र सरकार और नरेंद्र मोदी के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। कांग्रेस का विरोध समझ में आता है क्योंकि सत्ता में वापसी के लिए कार्यकर्ताओं को इस तरह के प्रदर्शन के निर्देश आलाकमान से मिले हैं, लेकिन विरोधी भी कांग्रेस पर ही उल्टे सवाल कर उन्हें घेरते नजर आ रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी का आरोप है कि कांग्रेसी कार्यकर्ता बिना सोचे समझे यह प्रदर्शन कर खुद को कटघरे में खड़ा कर रहे हैं ।देश में 70 साल राज करने के बाद भी बेरोजगारी की स्थिति कांग्रेस की ही देन है। अगर कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारें आरंभ से योजनाबद्ध तरीके से रोजगार के संसाधन उपलब्ध कराती तो देश की यह दशा नहीं होती। भारतीय जनता पार्टी तो इस बात पर भी चुटकी ले रही है कि मध्य प्रदेश की कांग्रेस सरकार युवाओं को रोजगार के नाम पर ढोर चराने का प्रशिक्षण दे रही है ,वहीं रोजगार के तौर पर बैंड और ढोल बजाने का भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है । भारतीय जनता पार्टी का आरोप है कि अगर मवेशी चराना और बैंड बजाना रोजगार हो सकता है तो फिर शू पॉलिश करना और पकौड़े तलना रोजगार क्यों नहीं। पकोड़े की बात भारतीय जनता पार्टी शायद इसलिए भी कर रही है क्योंकि कुछ महीने पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण में कहा था कि रोजगार का मतलब केवल सरकारी नौकरी नहीं हो सकती, जिस भी रूप में लोग आय अर्जन करते हैं वह भी रोजगार ही है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा था कि पकोड़े बेचने वाला भी एक तरफ से रोजगार अर्जित कर रहा है। उनके इस बयान को विरोधी , खासकर कांग्रेसियों ने आड़े हाथों लिया था और इसे जुमलेबाजी करते हुए उन पर आरोपों के तीर छोड़े गए थे। अब बारी शायद भारतीय जनता पार्टी की है, तभी तो भारतीय जनता पार्टी के नेता कांग्रेस से ही सवाल कर रहे हैं ,कि अगर पकोड़े बेचना रोजगार की श्रेणी में नहीं आता तो फिर मवेश चराने और बैंड बजाने को कांग्रेस रोजगार कैसे कह सकती है। जूते पॉलिश का मजाक उड़ा कर कांग्रेस ने चर्मकार बिरादरी का तमाशा बनाया है, इसलिए उन्हें चर्मकार भाइयों से माफी मांगनी चाहिए। बेरोजगारी के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान जूते पॉलिश करना एनएसयूआई को ही भारी पड़ता नजर आ रहा है। देश पर इन दिनों राष्ट्रवाद हावी है। पुलवामा हमले के बाद पूरे देश में देश भक्ति की लहर दौड़ रही है। इस दौरान देश भक्ति की लीक से हटकर कोई भी बात सहज रूप से स्वीकारी नहीं जा रही ,इसलिए जरूरी है कि प्रदर्शन के तरीकों पर सौ बार विचार किया जाए।

error: Content is protected !!
Letest
शादी कार्यक्रम के दौरान युवक पर धारदार हथियार से हमला...दो घायल, पचपेड़ी थाना क्षेत्र का मामला बिलासपुर: चाकू दिखाकर दिनदहाड़े 50 हजार की लूट, सरकंडा थाना क्षेत्र का मामला पुराना बस स्टैंड में व्यवसायी पर धारदार हथियार से हमला...शराब पीने पैसों की कर रहा था मांग, गंभीर हा... VIDEO:-मॉर्निंग वॉक पर निकले 8 वर्षीय अयान को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर…2 अज्ञात लोगों ने पहुँचाया स... मस्तूरी क्षेत्र के शातिर बाइक चोर गैंग पर पुलिस का बड़ा प्रहार.... 6 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद, 7 आ... आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़े चेन स्नेचर.... शिकार का पीछा कर वारदात को देते थे अंजाम, लूट की संपत्ति ... नारायणा टेक्नोक्रेट स्कूल के खिलाफ कोर्ट जाएगी एनएसयूआई.... छात्रों को न्याय दिलाने की तैयारी अचानकमार में एसीबी का शिकंजा: 50 हजार की रिश्वत लेते रेंजर-डिप्टी रेंजर गिरफ्तार...वन विभाग में भ्रष... रायपुर में अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, 3 अवैध कॉल सेंटरों पर छापा....42 आरोपी गिरफ्ता... VIDEO:सीपत क्षेत्र के सागौन जंगल में आग, फॉरेस्ट विभाग लापरवाह; एसी में बैठे अधिकारी मौके से दूर, ग्...