
रमेश राजपूत
बिलासपुर – ग्राम झलफा में लक्ष्मी विसर्जन के दौरान विवाद और झगड़ा कर शांति व्यवस्था बिगाड़ने वाले सात युवकों के खिलाफ हिर्री पुलिस ने त्वरित प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस ने सभी सातों युवकों को गिरफ्तार कर कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया है। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना और सार्वजनिक स्थानों पर उपद्रव करने वाले असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाना है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण रखने, सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी, नशाखोरी और विवाद करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने दिए हैं। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा के मार्गदर्शन में हिर्री पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। इसी दौरान ग्राम झलफा में लक्ष्मी विसर्जन कार्यक्रम के दौरान कुछ युवकों द्वारा आपस में झगड़ा-विवाद कर अशांति फैलाने की जानकारी सामने आई। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा एवं पीएसआई उषा निषाद के निर्देशन में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की। पुलिस ने विवाद में शामिल सात युवकों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया और कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए युवकों में हरीष साहू उर्फ मैडी 23 वर्ष, संदीप साहू 24 वर्ष, कृषदास मानिकपुरी 18 वर्ष, विशाल साहू 18 वर्ष, अमन दास मानिकपुरी 21 वर्ष, ओमदास मानिकपुरी 21 वर्ष और नारायण यादव 28 वर्ष शामिल हैं। सभी ग्राम झलफा, थाना हिर्री क्षेत्र के निवासी हैं। हिर्री पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था बिगाड़ने, विवाद करने या अशांति फैलाने वाले असामाजिक तत्वों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे तत्वों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।