
उदय सिंह
बिलासपुर – लोकआस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पर तोरवा स्थित छठ घाट में श्रद्धा, भक्ति और सेवा का अनूठा संगम देखने को मिला। छठ पूजा समिति के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र कुमार दास ने अपनी पत्नी वर्षा दास सहित परिवार के सदस्यों नरेंद्र दास, रूपम दास, समृद्धि दास और श्यामा दास के साथ विधि-विधान से छठी मैया एवं प्रत्यक्ष देव भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना की।

इस दौरान उन्होंने अस्ताचलगामी सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित कर परिवार, समाज और समूचे क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। छठ महापर्व के अवसर पर धार्मिक अनुष्ठान के साथ सामाजिक सेवा की मिसाल पेश करते हुए डॉ. दास की ओर से छठ घाट पर श्रद्धालुओं के लिए विशेष सेवा स्टॉल भी लगाया गया।

यहां व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं के साथ ही पूजा-अर्चना और सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचे लोगों को निशुल्क चाय और कॉफी वितरित की गई। घाट पर मौजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने इस सेवा का लाभ उठाया। पर्व के दौरान लोगों की सुविधा और सेवा के इस प्रयास की सराहना भी की गई। इस अवसर पर डॉ. धर्मेंद्र कुमार दास ने कहा कि छठ महापर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, अनुशासन, स्वच्छता, त्याग, तपस्या और सेवा का संदेश देने वाला महान पर्व है। भगवान सूर्य संपूर्ण सृष्टि को ऊर्जा और जीवन प्रदान करते हैं, वहीं छठी मैया की आराधना परिवार और समाज के कल्याण की मंगलकामना से जुड़ी हुई है।
उन्होंने कहा कि छठ पर्व की सबसे बड़ी विशेषता इसकी सादगी, पवित्रता और सामूहिकता है। यह पर्व हमें आपसी भेदभाव भुलाकर एक-दूसरे की सहायता करने, जरूरतमंदों की सेवा करने और समाज में प्रेम, सद्भाव तथा भाईचारे को मजबूत बनाने की प्रेरणा देता है। डॉ. दास ने श्रद्धालुओं से छठ घाट और अरपा नदी की स्वच्छता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि पर्व की धार्मिक पवित्रता के साथ पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी भी हम सभी की है।

छठी मैया और भगवान सूर्य की आराधना के साथ स्वच्छता एवं सेवा का संकल्प ही इस महापर्व के संदेश को सार्थक बनाएगा।