
रमेश राजपूत
बिलासपुर – लोकआस्था, श्रद्धा और सूर्य उपासना के चार दिवसीय महापर्व छठ के अवसर पर रविवार की शाम न्यायधानी बिलासपुर का छठ घाट भक्ति और उल्लास के रंग में सराबोर नजर आया। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु घाट पहुंचे। जैसे-जैसे सूर्य देव अस्ताचल की ओर बढ़े, वैसे-वैसे घाट पर आस्था का सैलाब उमड़ता गया। छठी मइया के जयकारों, पारंपरिक छठ गीतों और पूजा-अर्चना के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।महापर्व के तीसरे दिन संध्या अर्घ्य की परंपरा निभाते हुए व्रती महिलाओं और पुरुषों ने पूरी श्रद्धा एवं निष्ठा के साथ भगवान सूर्य की उपासना की। पारंपरिक वेशभूषा में सजे व्रतियों ने सूप और दउरा में फल, फूल, नारियल, गन्ना, ठेकुआ सहित पूजा की विभिन्न सामग्रियां सजाकर जल में खड़े होकर अस्त होते सूर्य को अर्घ्य दिया। इस दौरान व्रतियों ने परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। घाट पर महिलाओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी और छठ के पारंपरिक गीतों ने पर्व की सांस्कृतिक छटा को और भी मनमोहक बना दिया।
अधिकारियों ने भी पहुंचकर की पूजा-अर्चना
छठ महापर्व के इस भव्य आयोजन में प्रशासनिक और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी सहभागिता निभाई। बिलासपुर रेलवे के डीआरएम, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनीश सिंह और नगर निगम कमिश्नर सहित कई प्रमुख अधिकारी छठ घाट पहुंचे। उन्होंने पर्व की गरिमा और धार्मिक परंपराओं के बीच श्रद्धालुओं की आस्था में सहभागिता निभाई। अधिकारियों की मौजूदगी ने आयोजन की महत्ता को भी रेखांकित किया।
आयोजन समिति की सक्रियता से दिखी भव्य व्यवस्था
भव्य आयोजन को सफल बनाने में छठ आयोजन समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समिति के अध्यक्ष प्रवीण झा, कार्यकारी अध्यक्ष धर्मेंद्र दास सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य पूरे आयोजन के दौरान सक्रिय रहे। श्रद्धालुओं की भारी मौजूदगी के बीच धार्मिक परंपराओं के अनुरूप पूजा-अर्चना संपन्न हुई। घाट पर उमड़ी भीड़ ने आयोजन की लोकप्रियता और छठ महापर्व के प्रति लोगों की अटूट आस्था को प्रदर्शित किया।
आस्था के साथ सामाजिक एकता का संदेश
छठ महापर्व केवल सूर्य उपासना का पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, अनुशासन, पवित्रता और सामाजिक समरसता का भी प्रतीक है। इस पर्व में जाति, वर्ग और क्षेत्र की सीमाएं पीछे छूट जाती हैं और सभी लोग एक साथ लोकपरंपरा का हिस्सा बनते हैं। बिलासपुर के छठ घाट पर उमड़ा जनसैलाब इसी एकता और सामूहिक आस्था की जीवंत तस्वीर पेश कर रहा था। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही घाट पर श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत संगम दिखाई दिया। अब सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ व्रती 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण करेंगे। इस तरह छठ महापर्व का समापन सूर्य देव और छठी मइया के प्रति अटूट श्रद्धा के साथ होगा।