
उदय सिंह
बिलासपुर – तोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत लालखदान के पास मस्तूरी-बिलासपुर मार्ग पर सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब लालखदान के आगे मस्तूरी रोड संतनगर के पास सड़क किनारे खाली पड़े प्लाट में में एक युवक की लाश संदिग्ध अवस्था में मिली। युवक का शव औंधे मुंह पड़ा हुआ था। उसके गले में गमछा लिपटा होने से मामला और भी संदिग्ध हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह ग्रामीणों ने संतनगर के पास सड़क किनारे एक गड्ढेनुमा स्थान पर युवक का शव पड़ा देखा। मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। युवक ने चड्डा और टी-शर्ट पहन रखी थी। उसके गले में गमछा लिपटा हुआ था। वहीं, शव के पास एक पर्स और एक जोड़ी चप्पल भी बरामद हुई है, जिन्हें मृतक का बताया जा रहा है।

शव की संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए युवक की मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रारंभिक जांच में युवक की पहचान रायगढ़ जिले के घरघोड़ा निवासी उत्तम कुमार के रूप में हुई है । पास में मिले पर्स से एक ड्राइविंग लाइसेंस भी मिला है जिसके मुताबिक युवक वाहन चालक होने की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। मृतक यहां कैसे पहुंचा इसकी पतासाजी की प्रयास किए जा रहे हैं। युवक की मौत हादसा है, आत्महत्या या फिर किसी आपराधिक घटना का परिणाम, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। घटना के बाद इलाके में दहशत और चर्चाओं का माहौल है।