
व्यवस्थित ढंग से बसाने पर आने वाले समय में पहल होने की संभावना है

सत्याग्रह डेस्क
तोरवा पुराना पावर हाउस चौक में करोड़ों की लागत से हाईजिनिक मछली बाजार का निर्माण किया गया। उसके बाद भी सड़क पर ही खुले आम मछली, मुर्गा और मटन बेचा जा रहा है। यह तो सिर्फ एक उदाहरण भर है। शहर का शायद ही ऐसा कोई क्षेत्र है, जहां सड़क पर ही खुलेआम मछली मुर्गा और मटन की दुकान ना हो। इससे एक तरफ जहां गंदगी और बदबू फैल रही है, वही लोगों की भावनाएं भी आहत हो रही है । खास कर छोटे बच्चे और महिलाएं इन वीभत्स नजारों को देखकर आतंकित होते हैं । वहीं शाकाहारी व्यक्ति के लिए भी ऐसे नजारे असहज करने वाले हैं। नियमानुसार कहीं भी, कभी भी इस तरह की दुकानें नहीं खोली जा सकती, लेकिन बिलासपुर में नॉनवेज के शौकीनों की संख्या बढ़ने के साथ उनकी जरूरत की आपूर्ति करने के लिए हर गली मोहल्ले चौक चौराहे में इस तरह की दुकानें खुल चुकी है। मगर अब इसके खिलाफ आवाज बुलंद होने लगी है। मंगलवार को हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने बिलासपुर विधायक शैलेश पांडे के निवास पर उनसे मुलाकात कर शहर में बेतरतीब ढंग से जहां तहां खुली मटन मुर्गा और मछली दुकानों से हो रहे पर्यावरण प्रदूषण के बारे में जानकारी देते हुए ऐसे दुकानों को तुरंत हटाने की मांग की।

बिलासपुर विधायक शैलेश पांडे ने इस संवेदनशील मुद्दे को समझा और पूरा सहयोग का वादा करते हुए तुरंत ज्ञापन को मार्किंग के साथ निगमायुक्त को प्रेषित कर दिया । शैलेश पांडे ने इस मामले में हिंदू जागरण मंच को पूरा सहयोग देने की बात कही है और निगमायुक्त को इस विषय में चर्चा करने के निर्देश दिए हैं। मंच के अध्यक्ष दिलीप श्रीवास्तव और प्रतिनिधि मंडल के साथ निगमायुक्त की चर्चा के बाद शहर में इधर-उधर खुल गए मटन दुकान ,चिकन दुकान, बूचड़खानो को शहर में व्यवस्थित ढंग से संचालित करने पर सहमति बनी है। इस विषय में हिंदू जागरण मंच के सुझावों पर अमल करने का भरोसा निगमायुक्त ने दिया है । इस मुद्दे पर शाकाहारी और मांसाहारी वर्ग भले ही दो खेमो में बंट सकता है, लेकिन सच्चाई यही है कि इन दुकानों की वजह से सड़क पर बदबू फैलती है और गंदगी भी होती है। तार बहार, तालापारा ,पुराना पावर हाउस, हेमू नगर मुख्य मार्ग, तोरवा गुरुनानक चौक, कर्बला, शनिचरी बाजार, गणेश चौक ,पुराना हाई कोर्ट रोड समेत ऐसे कई इलाके हैं ,जहां इस तरह की दुकानें चल रही है। इन्हें व्यवस्थित ढंग से बसाने पर आने वाले समय में पहल होने की संभावना है।