
उदय सिंह
बिलासपुर – भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए बिलासपुर के सक्रिय युवा नेता रौशन सिंह को भाजयुमो छत्तीसगढ़ प्रदेश कार्यसमिति का सदस्य नियुक्त किया है। इस नियुक्ति से न केवल संगठन में नई ऊर्जा का संचार हुआ है, बल्कि युवाओं में भी उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। भाजयुमो की प्रदेश कार्यसमिति में स्थान मिलना किसी भी युवा कार्यकर्ता के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जाती है। रौशन सिंह को यह जिम्मेदारी उनके निरंतर संगठनात्मक कार्य, निष्ठा, अनुशासन और जमीनी स्तर पर सक्रियता को देखते हुए सौंपी गई है। संगठन लंबे समय से ऐसे युवाओं को आगे लाने की नीति पर काम कर रहा है, जो विचारधारा के साथ-साथ कर्मठता में भी उदाहरण प्रस्तुत करें। रौशन सिंह लंबे समय से भाजपा और भाजयुमो के विभिन्न कार्यक्रमों, अभियानों और चुनावी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।

चाहे चुनावी माहौल हो या संगठन के आह्वान पर चलने वाले कार्यक्रम, वे हर मोर्चे पर पूरी प्रतिबद्धता के साथ सक्रिय नजर आए हैं। उनकी कार्यशैली ने उन्हें संगठन के भरोसेमंद कार्यकर्ताओं की श्रेणी में स्थापित किया है। विधायक अमर अग्रवाल के करीबी समर्थकों में गिने जाने वाले रौशन सिंह को संगठनात्मक रणनीति की अच्छी समझ रखने वाला और युवाओं के बीच मजबूत पकड़ वाला नेता माना जाता है। उन्होंने राजनीतिक गतिविधियों के साथ-साथ सामाजिक, धार्मिक और सेवा से जुड़े कार्यक्रमों में भी बढ़-चढ़कर भागीदारी की है। इससे उनकी छवि एक ऐसे युवा नेता की बनी है, जो राजनीति को समाजसेवा से जोड़कर देखता है। प्रदेश कार्यसमिति में उनकी नियुक्ति से यह स्पष्ट संकेत मिलता है कि भाजपा और भाजयुमो युवाओं को केवल अवसर ही नहीं, बल्कि जिम्मेदारी भी सौंप रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि रौशन सिंह की नई भूमिका बिलासपुर सहित पूरे संभाग में संगठन को मजबूती और नई दिशा देने का काम करेगी।
युवाओं के बीच मजबूत पकड़
रौशन सिंह की सबसे बड़ी ताकत युवाओं के साथ उनका सीधा संवाद और जुड़ाव है। शिक्षा, रोजगार, खेल और सामाजिक विषयों पर उनकी सक्रियता उन्हें आम युवाओं से जोड़ती है, जिससे संगठन को जमीनी स्तर पर लाभ मिला है।
शीर्ष नेताओं के प्रति आभार
अपनी नियुक्ति पर रौशन सिंह ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा और विधायक अमर अग्रवाल का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेताओं के विश्वास पर खरा उतरते हुए वे युवाओं तक भाजपा की नीतियों और सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने का कार्य करेंगे।