
रमेश राजपूत
बिलासपुर – सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मंगला इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दो युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, आदर्श चौक मंगला निवासी हिमेश मांडले, जो डेकोरेशन का काम करता है, उसने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 25 जुलाई 2026 की दोपहर करीब 1:30 बजे वह काम के सिलसिले में कुदुदंड हनुमान मंदिर के पास गया था। वहां उसकी मुलाकात दीपेश यादव और आयुष से हुई। बातचीत के दौरान उसने दीपेश को एक दिन पहले बाइक तेज चलाने और चाकू दिखाकर धमकाने की घटना का जिक्र किया, जिससे दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। शिकायत के मुताबिक, बाद में दोनों आरोपी उसे ज्वाय रेजिडेंसी के पीछे भट्ठा बुलाएं जहां गाली-गलौज और झूमाझपटी की। इसी दौरान आयुष ने पीछे से उसे पकड़ लिया, जबकि दीपेश यादव ने चाकू निकालकर उसके दाहिने पैर के कुल्हे के नीचे वार कर दिया। हमले से उसकी जींस फट गई और पैर में गंभीर चोट लगने से खून निकलने लगा। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके दोस्त लक्की सूर्यवंशी के हस्तक्षेप के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद घायल युवक थाने पहुंचा और रिपोर्ट दर्ज कराई। सिविल लाइन पुलिस ने दीपेश यादव और आयुष के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 118(1), 296, 3(5) एवं 351(3) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।