
जुगनू तंबोली
रतनपुर – नगर के मेला ग्राउंड स्थित तालाब के किनारे गुरुवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति की सड़ी-गली लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव से तेज दुर्गंध फैलने के बाद आसपास के लोगों को इसकी जानकारी हुई। मौके पर पहुंचकर लोगों ने झाड़ियों के पास अज्ञात युवक का शव पड़ा देखा जिसके बाद इसकी सूचना तत्काल रतनपुर पुलिस को दी।सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। शव की हालत काफी खराब होने के कारण फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस के प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक शव करीब एक सप्ताह पुराना हो सकता है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की है। मृतक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और क्षेत्र में हाल के दिनों में लापता हुए लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।तालाब किनारे अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि, मौत के कारणों और मृतक की पहचान को लेकर पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।