
रमेश राजपूत
बिलासपुर – शादी की बात को लेकर प्रेमिका से विवाद के बाद युवक द्वारा खुद को आग लगाकर आत्महत्या करने के मामले में कोनी पुलिस ने युवती को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी युवती के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। घटना के करीब 10 माह बाद हुई गिरफ्तारी ने मामले को फिर चर्चा में ला दिया है। पुलिस के मुताबिक, मृतक विकास गुप्ता 22 वर्ष और आरोपी आकांक्षा सिदार 21 वर्ष निवासी भटगांव, जिला सूरजपुर, के बीच प्रेम संबंध थे। दोनों 27 जनवरी 2026 को कोनी स्थित एक होटल में ठहरे थे। इसी दौरान शादी की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद के बाद विकास ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसे युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 1 फरवरी 2026 को रायपुर के अस्पताल में उसकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की थी। मर्ग जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर युवक को लगातार प्रताड़ित किए जाने तथा आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी युवती के खिलाफ थाना कोनी में अपराध क्रमांक 638/2026, धारा 108 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया। मामले में पुलिस ने 21 नवंबर 2026 को आकांक्षा सिदार को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।