
रमेश राजपूत
बिलासपुर – सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के ग्राम धूमा में जनवरी 2026 में हुई नवविवाहिता की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने उसके पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण का अपराध दर्ज किया है। मर्ग जांच में पति द्वारा शराब के नशे में आए दिन विवाद और मारपीट किए जाने की बात सामने आने के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, ग्राम धूमा निवासी रामकुमारी पटेल 25 वर्ष का शव 11 जनवरी 2026 को उसके घर के कमरे में पंखे से गमछे के सहारे फंदे पर लटका मिला था। सूचना पर सिरगिट्टी पुलिस ने मर्ग क्रमांक 02/2026 कायम कर जांच शुरू की थी। कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टर ने मृत्यु फांसी लगाने से होना बताया। मर्ग जांच के दौरान मृतिका की मां, भाई, जीजा सहित सास, ससुर और देवर के बयान दर्ज किए गए। जांच में पुलिस को जानकारी मिली कि रामकुमारी का पति शिवकुमार पटेल शराब का आदी था और शराब के नशे में आए दिन पत्नी से विवाद करता था। परिजनों के अनुसार, वह रामकुमारी के साथ मारपीट भी करता था। पति के लगातार प्रताड़ित करने से रामकुमारी मानसिक रूप से परेशान थी। पुलिस ने मर्ग जांच, परिजनों के बयान, पंचनामा और पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत अन्य दस्तावेजों के आधार पर शिवकुमार पटेल द्वारा रामकुमारी को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करना पाया। इसके बाद सिरगिट्टी पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ धारा 108 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।