
उदय सिंह
बिलासपुर – रक्षाबंधन के त्योहार के दिन बिलासपुर में हत्या की दो अलग-अलग वारदातों ने सनसनी फैला दी। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में सामने आई दोनों घटनाओं में विवाद के बाद धारदार हथियार से हमला कर दो लोगों की जान ले ली गई। एक घटना ग्राम हरदीकला टोना की है, जहां आपसी विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई पर सब्बल से हमला कर दिया। वहीं दूसरी घटना हरदी शराब भट्ठी में सामने आई, जहां शराब खरीदने के लिए लाइन लगाने के दौरान हुए विवाद के बाद एक युवक पर धारदार हथियार से हमला किया गया। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
भांजे से गाली-गलौज का विरोध करना पड़ा भारी
ग्राम हरदीकला टोना में एक ही परिवार के दो भाइयों सुदर्शन कुर्रे और सुभाष कुर्रे के बीच विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि सुदर्शन कुर्रे अपने भांजे के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर रहा था। इस दौरान बड़े मामा सुभाष कुर्रे ने उसे भांजे के साथ मारपीट और गाली-गलौज करने से मना किया। इसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में सुदर्शन कुर्रे ने सुभाष कुर्रे पर सब्बल से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद सुभाष की हालत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विवाद के समय दोनों के नशे में होने की बात सामने आई है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
शराब भट्ठी में लाइन लगाने को लेकर विवाद, धारदार हथियार से हमला

इधर, सिरगिट्टी थाना क्षेत्र की हरदी शराब भट्ठी में मारपीट की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां घायल अवस्था में मिले राकेश प्रजापति को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ और शराब भट्ठी में लगे सीसीटीवी कैमरों के अवलोकन में सामने आया है कि शराब खरीदने के लिए लाइन लगाने के दौरान मृतक और आरोपी के बीच बहस हुई थी। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने राकेश पर धारदार वस्तु से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। सिरगिट्टी थाने में अपराध दर्ज करने की प्रक्रिया के साथ ही फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। रक्षाबंधन जैसे पर्व के दिन एक ही थाना क्षेत्र में हत्या की दो वारदातों से पुलिस की सक्रियता और कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
