
रमेश राजपूत
बिलासपुर – सीपत रोड स्थित अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग के छात्रावासों की जमीन पर सड़क चौड़ीकरण एवं नाली निर्माण के नाम पर की जा रही एकतरफा कार्रवाई अब गंभीर प्रशासनिक सवालों के घेरे में आ गई है। अनुसूचित जाति विभाग को आवंटित शासकीय भूमि पर बिना विधिवत सीमांकन और मौके की वास्तविक स्थिति स्पष्ट किए छात्रावास की बाउंड्रीवाल तोड़ने की सहमति दिए जाने के बाद अब राजस्व अभिलेखों और मौके पर उपलब्ध भूमि के रकबे में विसंगति सामने आई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर बिलासपुर ने 24 नवंबर 2026 को 10 सदस्यीय जांच दल गठित कर दो दिवस के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
सहायक आयुक्त ने 07 अक्टूबर को ही दे दी थी अनापत्ति
प्राप्त दस्तावेजों के अनुसार नगर पालिक निगम बिलासपुर द्वारा 24 सितंबर 2026 को सीपत कॉलेज के सामने से रपटा चौक तक सड़क चौड़ीकरण एवं आरसीसी नाली निर्माण के लिए छात्रावास की बाउंड्रीवाल प्रभावित होने के संबंध में सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग से अनापत्ति मांगी गई थी। इसके जवाब में सहायक आयुक्त ने 07 अक्टूबर 2026 को पत्र क्रमांक 2026-27/1940 जारी कर छात्रावास की बाउंड्रीवाल तोड़कर सड़क चौड़ीकरण करने की सहमति प्रदान कर दी। इसमें नगर निगम द्वारा अपने विभागीय मद से नई बाउंड्रीवाल बनाने तथा छात्रावास की जमीन का आवश्यकता से अधिक अधिग्रहण नहीं करने की शर्त भी रखी गई थी। लेकिन सवाल यह है कि इतनी महत्वपूर्ण शासकीय भूमि पर बाउंड्रीवाल तोड़ने की सहमति देने से पहले क्या संबंधित अधिकारी ने मौके का निरीक्षण किया था? क्या खसरा अभिलेख, प्रमाणित राजस्व नक्शा, भूमि आवंटन आदेश और वास्तविक उपलब्ध भूमि का मिलान कराया गया था? क्या सड़क के दोनों ओर उपलब्ध शासकीय भूमि का परीक्षण किया गया था? इन सवालों के जवाब अब तक स्पष्ट नहीं हैं।
अपर कलेक्टर के निरीक्षण में सामने आई गंभीर विसंगति
मामले में 24 नवंबर 2026 को अपर कलेक्टर, जिला बिलासपुर के निर्देश पर राजस्व एवं नगर निगम के अधिकारियों द्वारा मौके का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में पाया गया कि ग्राम चांटीडीह, हल्का नंबर 00033, राजस्व निरीक्षक मंडल सरकंडा स्थित खसरा नंबर 561/4 की शासकीय भूमि का रकबा राजस्व नक्शे के अनुरूप भौतिक रूप से मौके पर उपलब्ध नहीं पाया गया। इसी प्रकार संलग्न निजी भूमि खसरा नंबर 560, 559/1 एवं अन्य संलग्न भूमि का भी सीमांकन आवश्यक बताया गया। इस स्थिति को देखते हुए कलेक्टर कार्यालय ने नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, सहायक अभिलेख अधिकारी, नगर निगम के उप अभियंता एवं संबंधित पटवारियों सहित कुल 10 अधिकारियों का जांच दल गठित किया है। जांच दल को खसरा नंबर 561/4 की शासकीय भूमि तथा संलग्न निजी भूमि का सीमांकन कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने और दो दिवस के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।
जब सीमांकन नहीं हुआ तो बाउंड्रीवाल तोड़ने की सहमति किस आधार पर?
इस पूरे घटनाक्रम में सबसे बड़ा सवाल सहायक आयुक्त द्वारा दी गई अनापत्ति को लेकर उठ रहा है। 07 अक्टूबर को बाउंड्रीवाल तोड़ने की सहमति दे दी गई, जबकि 24 नवंबर को जिला प्रशासन के निरीक्षण में ही शासकीय भूमि का रकबा नक्शे के अनुरूप मौके पर उपलब्ध नहीं मिला और सीमांकन की आवश्यकता महसूस हुई। ऐसे में यह जांच का विषय है कि सहायक आयुक्त ने अनापत्ति जारी करने से पहले किन दस्तावेजों का परीक्षण किया था और क्या वास्तविक स्थल निरीक्षण कराया गया था? यदि सीमांकन एवं भूमि की वास्तविक स्थिति ही स्पष्ट नहीं थी तो बाउंड्रीवाल तोड़ने की सहमति देने में इतनी जल्दबाजी क्यों की गई? अनापत्ति जारी करने की पूरी प्रक्रिया की जांच कर जिम्मेदारी तय किए जाने की मांग उठ रही है।
सड़क की दूसरी ओर शासकीय जमीन, फिर छात्रावास की ओर ही क्यों मार्किंग?
मामले का एक और महत्वपूर्ण पहलू यह है कि सड़क की विपरीत दिशा में भी शासकीय भूमि उपलब्ध होने के बावजूद वहां किसी प्रकार की मार्किंग नहीं की गई। राजस्व अभिलेखों के अनुसार सड़क के उत्तर दिशा में मुख्य सड़क खसरा नंबर 19/2 से लगी खसरा नंबर 560, 559/1 एवं 561/4 की भूमि स्थित है। इसके बावजूद छात्रावास की ओर ही लगभग 15 से 20 फीट तक मार्किंग कर दी गई और उसी स्थान पर जेसीबी से खुदाई भी शुरू कर दी गई। खुदाई के कारण परिसर में बड़ा गड्ढा निर्मित हो रहा है। ऐसे में सड़क के दोनों ओर की भूमि का निष्पक्ष सीमांकन किए बिना केवल छात्रावास की ओर कार्रवाई किए जाने का औचित्य समझ से परे है।
चार शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों की सुरक्षा दांव पर
उक्त खसरा नंबर 561/4 की शासकीय भूमि अनुसूचित जाति विभाग को छात्रावास एवं अजाक थाना के लिए आवंटित है। परिसर में शासकीय अनुसूचित जाति बालक आश्रम संचालित है, जहां कक्षा पहली से पांचवीं तक के छोटे बच्चे निवासरत होकर अध्ययन करते हैं। इसके अलावा शासकीय पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित जाति बालक छात्रावास, पिछड़ा वर्ग क्रीड़ा परिसर तथा पिछड़ा वर्ग एवं अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास भी संचालित हैं। इन संस्थानों में बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं छात्राएं निवासरत हैं। यदि छात्रावास की बाउंड्रीवाल तोड़ी जाती है और परिसर के अंदर खुदाई जारी रहती है तो छोटे बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है। खुले गड्ढे दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। वहीं कन्या छात्रावास की सुरक्षा एवं निजता भी प्रभावित होगी।
26 अक्टूबर को शिकायत, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई
उल्लेखनीय है कि शासकीय पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित जाति बालक छात्रावास, सीपत रोड के अधीक्षक द्वारा 26 अक्टूबर 2026 को ही सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग के समक्ष लिखित शिकायत प्रस्तुत की गई थी। शिकायत में छात्रावास की बाउंड्रीवाल के अंदर मार्किंग एवं प्रस्तावित तोड़फोड़ से विद्यार्थियों की सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं पर पड़ने वाले प्रभाव की जानकारी देते हुए कार्रवाई रोकने की मांग की गई थी। इसके बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के बीच परिसर के अंदर जेसीबी से खुदाई प्रारंभ हो गई।
अब जांच रिपोर्ट पर टिकी निगाहें
अब पूरे मामले में जिला प्रशासन की जांच रिपोर्ट महत्वपूर्ण हो गई है। मांग उठ रही है कि जांच दल केवल सीमांकन तक सीमित न रहे, बल्कि सहायक आयुक्त द्वारा 07 अक्टूबर को जारी अनापत्ति की प्रक्रिया, नगर निगम की सड़क चौड़ीकरण योजना, दोनों ओर उपलब्ध शासकीय भूमि, वास्तविक निर्माण की आवश्यकता और छात्रावासों पर पड़ने वाले प्रभाव की भी जांच करे। साथ ही जांच एवं सीमांकन पूरा होने तक जेसीबी से खुदाई और बाउंड्रीवाल तोड़ने की कार्रवाई तत्काल रोकी जाए। सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब अनुसूचित जाति विभाग को आवंटित छात्रावास की जमीन का वास्तविक रकबा और सीमा ही स्पष्ट नहीं थी, तो फिर बाउंड्रीवाल तोड़ने की सहमति किस आधार पर दे दी गई? अब देखना होगा कि कलेक्टर द्वारा गठित जांच दल इस पूरे मामले में जिम्मेदारी तय करता है या मामला केवल सीमांकन की औपचारिकता तक सीमित रह जाता है।