
रमेश राजपूत
जांजगीर-चांपा – जिले के चांपा थाना क्षेत्र में चाकू दिखाकर युवक से लूटपाट और मारपीट करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने रास्ते में अकेले जा रहे युवक को चाकू की नोक पर डराया-धमकाया और उसके पास रखे 700 रुपये नकद तथा वीवो कंपनी का मोबाइल लूट लिया। विरोध करने पर दोनों ने युवक के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट भी की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम महुदा निवासी राहुल उर्फ देव कुमार बरेठ 23 नवंबर की शाम काम खत्म कर पैदल अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान जब वह ग्राम कुरदा स्थित अंग्रेजी शराब दुकान के पास पहुंचा, तभी दो युवक उसके पास आए। दोनों ने चाकू दिखाकर पूछा कि उसके पास क्या-क्या रखा है। युवक ने जब अपने पास कुछ नहीं होने की बात कही तो आरोपियों ने उसकी पेंट की जेब में रखे 700 रुपये और हाथ में मौजूद वीवो कंपनी का मोबाइल छीन लिया। इस दौरान आरोपियों ने चाकू दिखाकर उसे डराया-धमकाया और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। वारदात के बाद भी आरोपियों का दुस्साहस कम नहीं हुआ और वे युवक को दोबारा मारने के लिए दौड़ाने लगे। किसी तरह अपनी जान बचाकर राहुल वहां से भागा और ग्राम कुरदा की ओर पहुंचा। घर जाकर उसने अपने पिता मनोज कुमार बरेठ को पूरी घटना बताई। रात होने और डर के कारण वह तत्काल थाने नहीं पहुंचा। अगले दिन 24 नवंबर को उसने चांपा थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए चांपा पुलिस ने अपराध क्रमांक 633/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6), 3(5) एवं 25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास के लोगों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान सुनील यादव और नरोत्तम यादव के रूप में की। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उन्होंने लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया वीवो कंपनी का मोबाइल और 200 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में सुनील यादव 21 वर्ष पिता कार्तिक राम, निवासी जगदल्ला घसिया मोहल्ला सुरागुड़ा और नरोत्तम यादव 31 वर्ष पिता स्व. तुलसी यादव, निवासी जगदल्ला वार्ड क्रमांक 26, थाना चांपा शामिल हैं। दोनों आरोपियों को 24 नवंबर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार शेण्डे, उपनिरीक्षक भवानी सिंह चौहान, आरक्षक प्रकाश द्विवेदी सहित चांपा थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।