
रमेश राजपूत
बिलासपुर – पुलिस और साइबर सेल की लगातार जागरूकता मुहिम के बावजूद साइबर ठगी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ठग अब सोशल मीडिया के जरिए लोगों को निशाना बनाकर उनके बैंक खातों से रकम पार कर रहे हैं। सिटी कोतवाली क्षेत्र में ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां फेसबुक पर भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के YONO एप्लीकेशन को डाउनलोड करने का लिंक देखकर उसे डाउनलोड करने की कोशिश करना 66 वर्षीय अधिवक्ता को भारी पड़ गया। साइबर ठगों ने उनके तीन बैंक खातों से करीब 6 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कर निकाल लिए। मिली जानकारी के अनुसार टिकरापारा स्थित इंदिरादत्त परिसर निवासी तापस कुमार हाजरा ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 5 सितंबर 2026 को वे अपने मोबाइल पर फेसबुक चला रहे थे। इसी दौरान उन्हें SBI YONO एप्लीकेशन डाउनलोड करने का लिंक दिखाई दिया। उन्होंने लिंक पर टच कर एप्लीकेशन डाउनलोड करने का प्रयास किया, लेकिन ऐप डाउनलोड नहीं हुआ। इसके कुछ समय बाद उन्हें मोबाइल में हुई गतिविधियों पर संदेह हुआ। आशंका होने पर उन्होंने YONO ऐप को अपने मोबाइल से अनइंस्टॉल कर दिया। हालांकि तब तक साइबर ठग अपना काम कर चुके थे। अगले दिन सुबह बैंक खातों की जानकारी लेने पर उन्हें पता चला कि उनके तीन अलग-अलग बैंक खातों से लगातार तीन दिनों तक विभिन्न ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के माध्यम से करीब 6 लाख रुपये निकाल लिए गए हैं। ठगी का पता चलते ही उन्होंने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत की। साइबर सेल बिलासपुर में भी शिकायत दर्ज कराई गई। पीड़ित ने पुलिस को बैंक स्टेटमेंट सहित अन्य दस्तावेज सौंपते हुए ठगी में शामिल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सिटी कोतवाली पुलिस ने प्रथम दृष्टया अपराध घटित होना पाए जाने पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
साइबर ठगी से बचने हो जाये सतर्क,
बैंक या किसी वित्तीय संस्था के ऐप को कभी भी सोशल मीडिया पर मिले लिंक से डाउनलोड न करें। ऐप हमेशा आधिकारिक ऐप स्टोर या बैंक की अधिकृत वेबसाइट से ही डाउनलोड करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने से पहले सावधानी बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल 1930 पर शिकायत करें।