
रमेश राजपूत
बिलासपुर – सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के तिफरा स्थित होटल ग्रैंड लोटस में जन्माष्टमी समारोह के दौरान भीड़ और भगदड़ जैसे माहौल का फायदा उठाकर अज्ञात चोर 70 वर्षीय महिला के गले से करीब 20 ग्राम वजनी सोने की चेन पार कर ले गए। महिला को कुछ देर बाद चेन गायब होने का पता चला। उन्होंने समारोह स्थल पर काफी तलाश की और माइक से चेन चोरी होने की सूचना भी प्रसारित कराई, लेकिन चेन का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद महिला ने सिरगिट्टी पुलिस से शिकायत कर अज्ञात चोर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मध्यनगरी चौक के पास रहने वाली शारदा सोंथालिया 70 वर्ष गृहणी हैं। पुलिस को दी शिकायत के अनुसार 16 सितंबर की शाम करीब पांच बजे वह तिफरा स्थित होटल ग्रैंड लोटस में आयोजित कृष्ण जन्माष्टमी समारोह में शामिल होने पहुंची थीं। कार्यक्रम होटल के हाल में चल रहा था, जहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। शारदा ने बताया कि रात करीब 7:30 बजे भगवान कृष्ण के जन्म का उत्सव मनाया जा रहा था। इसी दौरान आयोजक परिवार की ओर से बधाई के रूप में खिलौने, चाकलेट और अन्य सामान लोगों की ओर फेंके जाने लगे। सामान लेने के लिए मौजूद लोग अचानक आगे बढ़े और दौड़ने लगे। इससे कुछ देर के लिए हाल में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग एक-दूसरे से टकराने लगे। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने शारदा के गले से करीब 20 ग्राम सोने की चेन चोरी कर ली। कुछ देर बाद उन्हें चेन गायब होने का अहसास हुआ। उन्होंने आसपास लोगों के बीच चेन तलाश की। माइक से भी चेन चोरी होने की सूचना प्रसारित कराई गई, लेकिन काफी तलाश के बावजूद चेन नहीं मिली। शिकायत के आधार पर सिरगिट्टी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।