
उदय सिंह
बिलासपुर – मस्तूरी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक और बाइक के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक चला रहा युवक ट्रक के पहियों के नीचे आ गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं बाइक के पीछे बैठे पिता और उनका 8 वर्षीय मासूम बेटा सड़क पर दूर जा गिरे। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए बिलासपुर सिम्स रेफर किया गया है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मिली जानकारी के अनुसार, घटना मस्तूरी थाना क्षेत्र के किरारी स्थित पुराने पेट्रोल पंप के सामने शाम करीब 4 बजे की है। ट्रक क्रमांक CG 16 A 1981 मस्तूरी से बिलासपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही हीरो पैशन प्रो बाइक क्रमांक CG 10 Y 8233 को ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर बिखर गए। बाइक चला रहे ग्राम रिसदा निवासी सोमनाथ श्रीवास 40 वर्ष ट्रक के पहियों के नीचे आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सोमनाथ श्रीवास अपने पड़ोसी राकेश यादव और उनके 8 वर्षीय बेटे शौर्य यादव को इलाज के लिए बिलासपुर के एक अस्पताल लेकर आए थे। उपचार के बाद तीनों बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान किरारी के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में राकेश यादव और उनका मासूम बेटा शौर्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मस्तूरी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था की। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दुर्घटनाकारित ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है। एक परिवार की मदद के लिए निकले सोमनाथ की हादसे में मौत ने पूरे गांव को झकझोर दिया है।