
उदय सिंह
बिलासपुर – शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगला वार्ड क्रमांक 13 स्थित पटवारी तालाब में रविवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। तालाब के आसपास मौजूद लोगों ने पानी में शव देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

सूचना पर सिविल लाइन पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकाल शव की शिनाख्त कार्रवाई की गई लेकिन मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम हेतु सिम्स मर्च्यूरी भेज दिया गया है।प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि विश्वकर्मा गणेश विसर्जन के दौरान किसी हादसे में व्यक्ति की जान गई हो सकती है।

हालांकि, पुलिस ने इस आशंका की अभी पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि मामले में हादसे से लेकर किसी अन्य आपराधिक घटना समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जाएगी।फिलहाल पुलिस शव को बाहर निकालने के बाद मृतक की पहचान करने और मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, जबकि पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही मामले की स्थिति साफ होगी।