
रमेश राजपूत
बिलासपुर – जिले में मोबाइल झपटमारी की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। कोटा थाना क्षेत्र में बाइक सवार मजदूर को रोककर दो युवकों ने मोबाइल छीन लिया, जबकि सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने बैंक के पास खड़े युवक के हाथ से मोबाइल झपट लिया। दोनों मामलों में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोटा में रास्ता रोककर मोबाइल छीना
कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम मझगांव निवासी राकेश विश्वकर्मा रोजी-मजदूरी करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 21 सितंबर की सुबह करीब 11:30 बजे वे मोटरसाइकिल से बिजली का सामान लेने जा रहे थे। लालपुर मोड़ के पास सड़क पर खड़े दो युवकों में से एक ने हाथ दिखाकर उन्हें रुकवाया। इसी दौरान दूसरे युवक ने भयभीत करने के इरादे से उनका मोबाइल झपट लिया। विरोध करने पर दोनों युवक मोबाइल लेकर खेत की ओर भाग निकले। राकेश ने आगे कुआंरीमुड़ा पहुंचकर ग्रामीणों से पूछताछ की। इसी दौरान दोनों युवक एक घर में घुसते दिखाई दिए। प्रार्थी ने उन्हें पहचान लिया। पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम श्याम और रूपेश बताया। हालांकि, मोबाइल उनके पास होने से दोनों ने इनकार कर दिया। मामले में कोटा पुलिस ने श्याम और रूपेश के खिलाफ धारा 304(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।
तिफरा में बाइक सवारों ने झपटा मोबाइल
दूसरी घटना सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के तिफरा स्थित एसबीआई बैंक के पास की है। ब्रदी प्रसाद यादव ने शिकायत में बताया कि 22 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे वे अपने मामा उत्तम लहरे के साथ बैंक के पास खड़े होकर मोबाइल पर बात कर रहे थे। इसी दौरान सफेद रंग की पल्सर एनएस बाइक क्रमांक CG28U3118 पर सवार दो अज्ञात युवक पहुंचे और उनका Oppo Reno 16C मोबाइल झपटकर फरार हो गए। पीछा करने के बावजूद आरोपी हाथ नहीं आए। पुलिस ने बाइक सवार दोनों अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 304(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
