
उदय सिंह
बिलासपुर – भारतीय नगर निवासी गोपाल पटेल के मोबाइल को हैक कर उनके बैंक खाते से 1 लाख 16 हजार रुपये की साइबर ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद उन्होंने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई, लेकिन सिविल लाइन थाने में एफआईआर दर्ज कराने के लिए उन्हें परेशान होना पड़ रहा है। पीड़ित ने पुलिस से अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू करने की मांग की है। गोपाल पटेल पिता दिलहरण लाल पटेल, के अनुसार 8 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 3:30 से 4 बजे के बीच अचानक उनका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद उनके मोबाइल में संचालित जी-पे एप के माध्यम से अलग-अलग लोगों के खातों में रकम ट्रांसफर कर दी गई। आरोप है कि साइबर ठगों ने उनके खाते से कुल 1 लाख 16 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित को घटना की जानकारी उस समय हुई, जब कुछ समय बाद उनका मोबाइल सामान्य रूप से काम करने लगा और उन्होंने लेन-देन की जानकारी जांची। खाते से बड़ी रकम अलग-अलग खातों में ट्रांसफर होने की जानकारी सामने आने के बाद उनके होश उड़ गए।

उन्होंने तत्काल साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 पर संपर्क किया और साइबर पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई।
इसके बाद गोपाल पटेल ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग की, ताकि साइबर ठगी की रकम के ट्रांजेक्शन और संबंधित खाताधारकों की जांच आगे बढ़ाई जा सके। हालांकि, पीड़ित का कहना है कि थाने में उनकी एफआईआर दर्ज नहीं की गई और केवल आवेदन लेकर उन्हें वापस भेज दिया गया।
पीड़ित के मुताबिक आगे की साइबर जांच और कार्रवाई के लिए एफआईआर दर्ज कराने को कहा जा रहा है। ऐसे में वह पुलिस और साइबर जांच के बीच कार्रवाई को लेकर असमंजस में है। पीड़ित ने पुलिस अधिकारियों से मामले में तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू करने तथा ठगी की रकम वापस कराने की दिशा में कार्रवाई की मांग की है। एफआईआर दर्ज नहीं होने से परेशान गोपाल पटेल अब न्याय की गुहार लगा रहे हैं।