
रमेश राजपूत
बिलासपुर – तोरवा थाना क्षेत्र के लालखदान ओवरब्रिज के नीचे स्थित पटेल फेब्रिकेशन एंड रोलिंग्स स्टोर के बाहर से लोहे की जीआई प्लेट्स चोरी होने का मामला सामने आया है। बीती देर रात शातिर चोर दुकान के बाहर रखी प्लेट्स को उठाकर ले जाते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है। दुकान संचालक श्रवण पटेल, पिता रामनंदन पटेल, निवासी लालखदान के अनुसार दुकान के बाहर रखी जीआई प्लेट्स में से कुल 16 प्लेट्स गायब मिलीं। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 19 हजार रुपये बताई गई है। सुबह सामान की जांच करने पर प्लेट्स नहीं मिलने पर संचालक ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
इसमें कुछ संदिग्ध दुकान के बाहर से जीआई प्लेट्स ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं।घटना की जानकारी तोरवा पुलिस को दे दी गई है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। वहीं, लालखदान क्षेत्र में दुकान और प्रतिष्ठानों के बाहर से सामान चोरी होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि देर रात बेखौफ तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम देकर आरोपी आसानी से निकल जा रहे हैं। पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की गई है।