
रमेश राजपूत
जांजगीर-चांपा – अकलतरा रेलवे स्टेशन के पास पानी की बोतल को लेकर हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट और लूटपाट में बदल गया। दो युवकों ने पानी देने से मना करने पर युवक का पीछा किया और छोटी कैची दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए उसके साथ लात-मुक्कों से मारपीट की। मारपीट के दौरान युवक का मोबाइल और पर्स जमीन पर गिर गया, जिसे आरोपी उठाकर फरार हो गए। मामले में अकलतरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार घटना 15 सितंबर 2026 की है। बिलासपुर निवासी नवीन कुमार झा अकलतरा रेलवे स्टेशन के पास होटल के सामने स्थित पान ठेला से पानी की बोतल खरीद रहे थे। उन्होंने फोन-पे के जरिए भुगतान किया। इसी दौरान वहां पहुंचे दो युवकों ने उनसे पानी की बोतल मांगी। पानी देने से मना करने पर दोनों युवक उनके पीछे लग गए। आरोप है कि युवकों ने छोटी कैची निकालकर जान से मारने की धमकी दी और नवीन के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान नवीन का मोबाइल और पर्स नीचे गिर गया, जिसे दोनों आरोपी अपने साथ ले गए। बीच-बचाव करने पहुंचे नवीन के साथी के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं। घटना की रिपोर्ट पर अकलतरा पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में टीम गठित कर आरोपियों की पतासाजी की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने योगेन्द्र मानिकपुरी 25 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 13 अकलतरा और अजय खरे 25 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 15 रहसबेड़ा अकलतरा को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अन्य साथियों के साथ घटना में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।कार्रवाई में थाना प्रभारी जय कुमार साहू, सउनि सुरेन्द्र कश्यप, आरक्षक शेषनारायण साहू, महेन्द्र राज सहित थाना स्टाफ का योगदान रहा।