
रमेश राजपूत
बिलासपुर – विशेष टास्क फोर्स और जिला विशेष शाखा की टीम ने कार्रवाई करते हुए सरकंडा क्षेत्र से एक बांग्लादेशी नागरिक को पकड़ा है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पिछले करीब 19 वर्षों से बिलासपुर में रहकर एनटीपीसी सीपत में लिफ्ट मेंटेनेंस का काम कर रहा था। पूछताछ में उसने वर्ष 2005 में बांग्लादेश से भारत आने और बाद में बिलासपुर में बसने की बात स्वीकार की है।
एसएसपी रजनेश सिंह के मार्गदर्शन और STF की नोडल अधिकारी एएसपी रशमीत कौर चावला के नेतृत्व में निरीक्षक संजय शिंदे, जिला विशेष शाखा के उप निरीक्षक नरेंद्र सिंह, आरक्षक कमल साहू और अभिषेक यादव की टीम लगातार संदिग्ध व्यक्ति की तलाश कर रही थी।

पुलिस के अनुसार करीब 20 दिन पहले सिरगिट्टी थाना क्षेत्र से पूछताछ के बाद उसे रायपुर स्थित होल्डिंग सेंटर भेजा गया था, लेकिन वह वहां से भाग गया था। इसके बाद उसकी लगातार तलाश की जा रही थी। पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध सरकंडा क्षेत्र में छिपकर रह रहा है। टीम ने उसके संभावित ठिकानों की रेकी करने के बाद 24 सितंबर की सुबह करीब 5 बजे सूर्या विहार कॉलोनी स्थित किराये के मकान में दबिश देकर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अतीक हुसैन 42 वर्ष पिता स्व. मोहम्मद हुसैन बताया। उसने बांग्लादेश के नारायणगंज जिले को अपना मूल निवास बताया।

पुलिस के अनुसार उसके पास भारतीय पासपोर्ट, आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, निवास व जाति प्रमाण पत्र सहित कई दस्तावेज मिले। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में अतीक ने इन दस्तावेजों को गलत तरीके से बनवाने की बात स्वीकार की है।पुलिस अब उसके खिलाफ बांग्लादेश डिपोर्टेशन की कार्रवाई कर रही है। कार्रवाई पूरी होने तक उसे रायपुर होल्डिंग सेंटर भेजा जा रहा है। संबंधित बांग्लादेशी दूतावास को भी सूचना दी जा रही है।
संदिग्ध गतिविधियों की दें सूचना

बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी व्यक्ति की पहचान, निवास या दस्तावेजों को लेकर संदेह होने पर टोल-फ्री नंबर 1800-233-1905 पर सूचना दें। पुलिस ने कहा है कि अवैध घुसपैठ और बिना वैध दस्तावेजों के निवास करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।