
रमेश राजपूत
जांजगीर-चांपा – नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम मुड़पार में चुनावी रंजिश को लेकर उपसरपंच और उसके परिवार को धमकाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो लोगों ने उपसरपंच के घर पहुंचकर पैसों की मांग की और पंचायत से इस्तीफा देकर पद छोड़ने का दबाव बनाया। विरोध करने पर आरोपियों ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के बाद नवागढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।पुलिस के अनुसार घटना 22 सितंबर की शाम की है। ग्राम मुड़पार निवासी उपसरपंच के घर आरोपी पहुंचे और चुनावी रंजिश को लेकर विवाद करने लगे। इस दौरान आरोपियों ने उपसरपंच बनने का हवाला देते हुए पैसों की मांग की। साथ ही पंचायत से इस्तीफा देकर पद छोड़ने के लिए दबाव बनाया गया। आरोप है कि बात नहीं मानने पर उपसरपंच और उसके परिवार के साथ गाली-गलौज की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई।घटना के बाद पीड़ित ने नवागढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 308/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 308(4), 333 एवं 3(5) बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी साहिल जोशी निवासी मुड़पार और भरत बंजारे निवासी मुड़पार को पकड़ा। पूछताछ और जांच में घटना में संलिप्तता पाए जाने पर दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। कार्रवाई में नवागढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय का सराहनीय योगदान रहा।