
रमेश राजपूत
बिलासपुर – कोटा क्षेत्र के कोरी डेम में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 32 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान मंगला निवासी दिग्विजय कौशिक, पिता स्व. ईश्वर कौशिक के रूप में हुई है। दिग्विजय अनुकंपा नियुक्ति के तहत शिक्षा विभाग में पदस्थ थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।
मिली जानकारी के अनुसार दिग्विजय कौशिक सोमवार सुबह अपने पांच दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने कोरी डेम पहुंचे थे। सभी दोस्त डेम क्षेत्र में घूमने के बाद दोपहर करीब 2 बजे नहाने लगे। इसी दौरान दिग्विजय नहाते हुए अचानक गहरे पानी की ओर चले गए और देखते ही देखते पानी में डूबने लगे। साथ मौजूद दोस्तों ने उन्हें बचाने और तलाशने का प्रयास किया, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण तत्काल उनका पता नहीं चल सका। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय स्तर पर तलाश शुरू कराई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को सूचना दी गई। टीम के जवान मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद पानी के भीतर से दिग्विजय का शव बाहर निकाला। शव मिलने के बाद पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। हादसे की परिस्थितियों और घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि दिग्विजय शिक्षा विभाग में पदस्थ होने के साथ परिवार की जिम्मेदारियां संभाल रहे थे। दोस्तों के साथ खुशी के पल बिताने के लिए निकला परिवार का सदस्य अचानक हमेशा के लिए दुनिया छोड़ गया। हादसे की खबर के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।