
रमेश राजपूत
बिलासपुर – चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम मगरउछला स्थित अरपा नदी के एनीकट में पैर फिसलने से पानी में डूबे 56 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के बाद एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों की मदद से उसकी तलाश की गई, लेकिन बुधवार को शव नहीं मिल सका। गुरुवार सुबह परिजनों ने तलाश शुरू की, जिसके बाद नदी के पानी से शव बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान तीज राम केंवट पिता स्व. मनराखन केंवट, उम्र 56 वर्ष, निवासी मगरउछला के रूप में हुई है। घटना 30 सितंबर की सुबह करीब 11 बजे की बताई गई है। मृतक अपने छोटे भाई बबलू केंवट के साथ ग्राम कोनी, थाना मस्तूरी क्षेत्र में अपने भतीजे लक्ष्मण केंवट के घर से फौती उठवाने के संबंध में बातचीत कर वापस मगरउछला लौट रहा था।
इसी दौरान दोनों भाई एनीकट से पैदल गुजर रहे थे। बताया गया कि एनीकट के ऊपर से पानी बह रहा था और वहां काई भी जमी हुई थी। इसी वजह से तीज राम का पैर फिसल गया और वह अनियंत्रित होकर अरपा नदी के गहरे पानी में जा गिरा। देखते ही देखते वह पानी में डूब गया।

घटना की सूचना मिलने पर चकरभाठा पुलिस ने एसडीआरएफ टीम को जानकारी दी। टीम ने मौके पर पहुंचकर नदी में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन बुधवार को शव का पता नहीं चल सका। इसके बाद गुरुवार सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच मृतक के परिजनों और अन्य ग्रामीणों ने नदी में तलाश शुरू की। इस दौरान तीज राम का शव पानी में मिला, जिसे बाहर निकालकर मौके पर रखा गया। सूचना के आधार पर चकरभाठा पुलिस ने मर्ग क्रमांक 59/2026, धारा 194 बीएनएसएस के तहत मर्ग कायम किया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू करते हुए मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। मौत का प्रथमदृष्टया कारण पानी में डूबना बताया गया है।