
उदय सिंह
बिलासपुर – कोटा क्षेत्र के औरापानी पिकनिक स्पॉट में घूमने पहुंची युवती से मारपीट कर मोबाइल और बैग लूटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवती ने घटना के बाद कोटा थाने पहुंचकर शिकायत की, लेकिन उस समय मामला दर्ज नहीं किया गया। बाद में लूटपाट के संदेहियों के पुलिस की पकड़ में आने के बाद युवती से हुई वारदात की रिपोर्ट दर्ज की गई। अब पुलिस पकड़े गए आरोपियो से क्षेत्र में हुई अन्य वारदातों को लेकर पूछताछ कर रही है।जानकारी के मुताबिक बिलासपुर निवासी युवती अपने दोस्तों के साथ कोटा के औरापानी पिकनिक स्पॉट घूमने गई थी। इसी दौरान वह कुछ समय के लिए दोस्तों से अलग हुई। आरोप है कि इसी दौरान कुछ युवकों ने उसके साथ मारपीट की और बैग व मोबाइल छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद युवती और उसके साथियों ने कोटा थाने पहुंचकर शिकायत की थी।
सूत्रों के अनुसार, शिकायत के बाद तत्काल अपराध दर्ज नहीं किए जाने की बात सामने आ रही है। युवती वापस बिलासपुर लौट गई। इधर, पुलिस को क्षेत्र में सक्रिय कुछ संदिग्ध युवकों के संबंध में जानकारी मिली। पुलिस ने संदेह के आधार पर कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान उनके कथित बयानों के आधार पर युवती से हुई लूट की कड़ी सामने आई। पुलिस ने आरोपियो के कब्जे से कथित तौर पर लूटा गया मोबाइल और बैग बरामद किया है।
पिकनिक स्पॉट की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
औरापानी समेत कोटा क्षेत्र के पिकनिक स्पॉट में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठते रहे हैं। मारपीट और लूटपाट की घटनाओं की शिकायतों के बीच पुलिस गश्त और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। सितंबर महीने में ही कोटा क्षेत्र में लूटपाट की दो अन्य घटनाएं सामने आने की बात कही जा रही है। गनियारी स्थित शराब दुकान के पास और लालपुर मोड़ के पास भी लूटपाट की घटनाओं का उल्लेख सामने आया है। अब औरापानी की घटना में आरोपियो की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। ऐसे में यह भी जांच का विषय है कि क्या पकड़े गए युवक क्षेत्र में हुई अन्य वारदातों से भी जुड़े हैं। पुलिस की पूछताछ पूरी होने के बाद ही इन घटनाओं की वास्तविक कड़ियां स्पष्ट हो सकेंगी।