
उदय सिंह
बिलासपुर – हीर्री थाना क्षेत्र के ग्राम अमसेना में चोरों ने रात के अंधेरे में एक घर को निशाना बनाकर पहले खिड़की का लोहे का ग्रिल उखाड़ा, फिर घर के अंदर घुसकर तीन सीसीटीवी कैमरे और कार की चाबी चोरी कर ली। इसके बाद घर के बाहर खड़ी रेनाल्ट क्विड कार को लेकर फरार हो गए। कुछ देर बाद वही कार आयसर शो रूम के पास जली हुई हालत में मिली। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।
ग्राम अमसेना निवासी ओमप्रकाश कौशिक सेट्रिंग का काम करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 30 सितंबर की रात करीब 10 बजे खाना खाने के बाद परिवार के साथ कमरे में सोने चले गए थे। उनकी रेनाल्ट क्विड कार क्रमांक CG15 DM5418 रिश्तेदार राजकुमार कौशिक के घर के पास लॉक कर खड़ी की गई थी। अगली सुबह करीब 7 बजे ओमप्रकाश की नजर किचन की खिड़की पर पड़ी तो लोहे का ग्रिल उखड़ा हुआ था। किचन के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। घर की जांच करने पर बाहर और अंदर लगे कुल तीन सीसीटीवी कैमरे गायब मिले। फ्रिज के ऊपर रखी कार की चाबी भी नहीं थी।

इसके बाद ओमप्रकाश तत्काल कार खड़ी करने वाली जगह पहुंचे, लेकिन वहां से कार गायब थी। आसपास तलाश करने पर जानकारी मिली कि अमसेना स्थित आयसर शो रूम के बगल में उनकी कार जली हुई हालत में खड़ी है। मौके पर पहुंचने पर कार पूरी तरह जली अवस्था में मिली। प्रार्थी के मुताबिक अज्ञात व्यक्ति ने रात 10 बजे से सुबह 7 बजे के बीच घर में प्रवेश कर तीन सीसीटीवी कैमरे और कार की चाबी चोरी की। इसके बाद कार को चुराकर आयसर शो रूम के पास ले जाकर आग लगा दी। चोरी गई कार और अन्य सामान की कुल कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है। हीर्री पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 305(ए), 326(जी) और 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब घटनास्थल और आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।