
रमेश राजपूत
बिलासपुर – तारबहार थाना क्षेत्र के राजीव प्लाजा स्थित मोबाइल पार्ट्स एवं रिपेयरिंग दुकान से करीब 1.22 लाख रुपये कीमत के मोबाइल कॉम्बो और रिपेयरिंग सामान गायब होने का मामला सामने आया है। दुकान संचालक की शिकायत पर पुलिस ने तीन कर्मचारियों के खिलाफ धारा 306 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता निरंकार चंद्रमलघानी देवरीखुर्द क्षेत्र में परिवार के साथ रहते हैं और राजीव प्लाजा, तारबहार में जीएम मोबाइल नाम से मोबाइल पार्ट्स एवं रिपेयरिंग की दुकान संचालित करते हैं। दुकान में करीब नौ कर्मचारी काम करते हैं। शिकायतकर्ता ने बताया कि उनके पिता की तबीयत लंबे समय से खराब रहती थी और इलाज के लिए उन्हें रायपुर तथा मुंबई ले जाना पड़ता था। ऐसे समय में दुकान की जिम्मेदारी दर्रीघाट निवासी अजय वैष्णव को सौंपकर वे बाहर जाते थे।
पिता के निधन के बाद 8 सितंबर 2026 को शिकायतकर्ता दुकान पहुंचे और सिस्टम में उपलब्ध स्टॉक का मिलान किया। इस दौरान डिस्प्ले कॉम्बो समेत मोबाइल रिपेयरिंग के कई सामान स्टॉक में कम मिले। कर्मचारियों से पूछताछ करने पर तिफरा निवासी नितेश गुप्ता ने बताया कि उसने करीब 10 कॉम्बो ग्राहकों के मोबाइल में लगाकर दिए हैं। इसके बाद दुकान संचालक ने स्टॉक की दोबारा जांच की तो करीब 15 से 20 बॉक्स कम पाए गए। शिकायतकर्ता के मुताबिक प्रत्येक बॉक्स में लगभग 10 कॉम्बो होते हैं। इस तरह बड़ी मात्रा में सामान गायब होने की जानकारी सामने आई। मामले में नितेश गुप्ता, साहिल नरवारे और सचिन श्रीवास से बारीकी से पूछताछ की गई। आरोप है कि तीनों टालमटोल करने लगे और आपस में बातचीत करने के बाद अलग-अलग बहाने से दुकान से चले गए। इसके बाद तीनों ने मोबाइल बंद कर दिए और दुकान पर भी नहीं लौटे। दुकान संचालक ने तीनों कर्मचारियों पर करीब 1.22 लाख रुपये के 15 से 20 बॉक्स मोबाइल कॉम्बो एवं अन्य रिपेयरिंग सामान चोरी कर ले जाने का संदेह जताया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर चोरी गए सामान और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है।