
रमेश राजपूत
बिलासपुर – दूसरी शादी करने की बात कहते हुए आरक्षक पत्नी ने शिक्षक पति से तलाक मांगा। पति ने तलाक देने से इनकार किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि पत्नी ने अपनी मां के साथ मिलकर पति की लात-मुक्कों से पिटाई कर दी। इतना ही नहीं, पत्नी ने खुद को रेलवे पुलिस में पदस्थ बताते हुए शिक्षक को झूठे केस में फंसाने और रेलवे ट्रैक पर फेंक देने की धमकी भी दी। मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का है। शिक्षक की शिकायत पर पुलिस ने पत्नी और सास के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांजगीर-चांपा जिले के डभरा क्षेत्र के ग्राम तेंदुमुंडी छिपिया निवासी किसन कुमार दिव्य प्राथमिक शाला पथरी में शिक्षक हैं। वर्तमान में वह महगई में किराए के मकान में रहते हैं। उनकी पत्नी शकुंतला बंजारे और बच्चे बिलासपुर में रहते हैं। शिक्षक के मुताबिक 26 सितंबर को वह परिवार से मिलने गांव पहुंचे थे। उस समय उनकी सास रोहणी बाई भी घर पर मौजूद थी। शिकायत के अनुसार 27 सितंबर की रात करीब दो बजे पत्नी ने किसन से कहा कि वह अब उसके साथ नहीं रहना चाहती और दूसरी शादी करेगी। इसके लिए उसने पति से तलाक देने की बात कही। किसन ने तलाक देने से इनकार किया तो दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान पत्नी और सास ने गाली-गलौज करते हुए शिक्षक की लात-मुक्कों से पिटाई कर दी। शिक्षक का आरोप है कि इस दौरान पत्नी ने खुद को रेलवे पुलिस में पदस्थ बताते हुए उसे झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी। इतना ही नहीं, रेलवे ट्रैक पर फेंक देने की बात भी कही। घटना के बाद शिक्षक ने सिरगिट्टी थाने पहुंचकर पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पत्नी की शिकायत पर पहले ही दर्ज है मामला
इस पारिवारिक विवाद में महिला आरक्षक की ओर से भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है। शिक्षक की शिकायत से करीब चार दिन पहले महिला ने पति पर चरित्र शंका को लेकर मारपीट करने का आरोप लगाया था। उसकी शिकायत पर पुलिस ने भी अपराध दर्ज किया है। अब शिक्षक ने पत्नी और सास के खिलाफ मारपीट व धमकी का आरोप लगाते हुए शिकायत की है। दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।