
रमेश राजपूत
मुंगेली – जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र के बरेला में कक्षा नौवीं में पढ़ने वाली 14 वर्षीय छात्रा के साथ मारपीट, जबरन ले जाने और सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि दो युवकों ने पहले छात्रा को रास्ते में रोककर बेल्ट से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसे नशीला इंजेक्शन लगाकर बेहोश किया और उसके साथ दुष्कर्म किया। छात्रा की बड़ी बहन की शिकायत पर जरहागांव पुलिस ने दोनों आरोपियो के खिलाफ अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय में पेश करने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया।
सहेली के घर से लौटते समय रोका
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, 29 सितंबर की शाम छात्रा अपनी सहेली के घर से वापस लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में साहिल यादव और प्रहलाद धुरी ने उसे रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने गाली-गलौज करते हुए छात्रा से बेल्ट से मारपीट की और किसी को घटना बताने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसे 500 रुपये दिए और घटना के बारे में किसी को जानकारी नहीं देने के लिए धमकाया।
डर के कारण रतनपुर पहुंची छात्रा
घटना से डरी छात्रा सीधे अपने घर जाने के बजाय बस में बैठकर रतनपुर पहुंच गई। वहां एक अज्ञात महिला ने उसकी मदद की। अगले दिन 30 सितंबर को छात्रा घर लौटने के लिए निकली। सकरी में बस बदलने के बाद वह बरेला पहुंची। आरोप है कि शाम करीब पांच बजे दोनों युवकों ने उसे दोबारा पकड़ लिया और जबरन एक मकान के अंदर ले गए।
नशीला इंजेक्शन लगाने का आरोप
शिकायत में छात्रा ने आरोप लगाया है कि मकान के भीतर दोनों युवकों ने उसके हाथ पकड़कर नशीला इंजेक्शन लगाया। कुछ देर बाद वह बेसुध हो गई। होश आने पर उसने दोनों युवकों को सामने देखा। उसके कपड़े अस्त-व्यस्त थे और शरीर पर चोट के निशान थे। घर पहुंचने के बाद छात्रा ने परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजन उसे लेकर जरहागांव थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
जरहागांव पुलिस ने साहिल यादव और प्रहलाद धुरी के खिलाफ बीएनएस की धारा 70(2), 65(1), 137(2), 351(3), 115(2), 296 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।