
रमेश राजपूत
बिलासपुर – सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गंगा नगर में सास को कोल्ड ड्रिंक में कथित तौर पर कीटनाशक मिलाकर पिलाने का मामला सामने आया है। पीड़िता रूखमणी ठाकुर 57 वर्ष की शिकायत पर पुलिस ने उसकी बहू कविता ठाकुर के खिलाफ धारा 118(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद उसकी हालत इतनी बिगड़ गई थी कि उसे पहले निजी अस्पताल और फिर सिम्स में भर्ती कराना पड़ा। पुलिस को दिए आवेदन के मुताबिक घटना 17 जुलाई 2026 की सुबह करीब 11 बजे की है। रूखमणी का कहना है कि वह उपवास पर थी और काम से घर लौटने के बाद उसकी बहू कविता ने उसे पीने के लिए कोल्ड ड्रिंक दिया। कोल्ड ड्रिंक पीने और बाद में चाय लेने के कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे उल्टी और चक्कर आने लगे तथा वह बेहोश हो गई। परिजन तत्काल उसे मंगला चौक स्थित निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। गंभीर स्थिति को देखते हुए बाद में उसे सिम्स में भर्ती कराया गया। रूखमणी के अनुसार उपचार के दौरान चिकित्सकों ने शरीर में कीटनाशक अथवा विषैले पदार्थ के प्रभाव की जानकारी दी। घटना के तत्काल बाद गंभीर हालत के कारण वह पुलिस को बयान नहीं दे सकी। हालत में सुधार के बाद चिकित्सकों की अनुमति से 2 अगस्त को सिम्स में पुलिस ने उसका बयान दर्ज किया। पीड़िता ने कहा कि उसने अपनी ओर से कोई जहरीला पदार्थ नहीं लिया था और उसने केवल बहू द्वारा दिया गया कोल्ड ड्रिंक तथा चाय ही ली थी। शिकायत में रूखमणी ने बहू पर रंजिश की आशंका भी जताई है। उसका कहना है कि कविता के किसी युवक से कथित प्रेम संबंध की जानकारी उसे हो गई थी। इस बात को लेकर उसने अपने पति को जानकारी दी थी। इसके बाद 10 जुलाई को पति ने कविता का मोबाइल अपने पास रख लिया था। पीड़िता के मुताबिक इसके बाद कविता उससे नाराज रहने लगी और कई बार विवाद तथा गाली-गलौज भी हुई। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि अस्पताल में उसके भर्ती रहने के दौरान कविता घर चली गई और अपने मायके वालों को बुलाकर सोने-चांदी के जेवर तथा करीब 3.50 लाख रुपये नकद लेकर मुंगेली जिले के टिंगीपुर चमारी चली गई। हालांकि इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। शिकायत के साथ सिम्स की डिस्चार्ज टिकट और शरीर में कीटनाशक की जांच संबंधी रिपोर्ट भी पुलिस को दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।