
रमेश राजपूत
बिलासपुर – रतनपुर के गांधीनगर में उधारी में सामान नहीं देने पर एक युवक द्वारा महिला से मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दुकान संचालित करने वाली निरूपा साहू ने जब मोहल्ले के युवक शिवा को उधार सामान देने से मना किया, तो वह गाली-गलौज करने लगा। महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने डंडे से हमला कर उसे घायल कर दिया। मारपीट में महिला के सिर, होंठ, गाल, पीठ और हाथ में चोटें आई हैं। घायल महिला का सिम्स में इलाज चल रहा है। पीड़िता के बेटे की शिकायत पर रतनपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उधारी को लेकर विवाद, विरोध करने पर बरसाए डंडे
पुलिस के अनुसार, गांधीनगर रतनपुर निवासी नरेंद्र साहू शहीद नूतन सोनी हाई स्कूल में कक्षा 10वीं का छात्र है। उसने पुलिस को बताया कि 10 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे उसे सूचना मिली कि मोहल्ले में रहने वाला शिवा उसकी मां निरूपा साहू के साथ मारपीट कर रहा है। सूचना मिलते ही नरेंद्र घर पहुंचा, जहां उसकी मां ने घटना की जानकारी दी।शिकायत के मुताबिक, शिवा उधारी में सामान मांग रहा था। निरूपा साहू ने उधार सामान देने से इनकार किया तो आरोपी गाली-गलौज करने लगा। महिला ने दुकान से बाहर आकर उसे गाली देने से मना किया, तो आरोपी ने कथित तौर पर अश्लील गाली-गलौज करते हुए डंडे से मारपीट शुरू कर दी। हमले में महिला के सिर, होंठ, गाल, पीठ और हाथ में चोटें आईं। आरोप है कि आरोपी ने महिला को जान से मारने की धमकी भी दी।
बेटे की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया अपराध
घटना के दौरान मौके पर अन्य लोग भी मौजूद थे। उन्होंने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
जिसके बाद नरेंद्र साहू ने रतनपुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी शिवा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 296 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
