
उदय सिंह
मल्हार – चरित्र पर लांछन लगाकर विवाद करने और कथित रूप से मानसिक तनाव का कारण बनने के मामले में मल्हार पुलिस ने महिला की आत्महत्या से जुड़े प्रकरण में उसके जीजा को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान विनेत जोगी (44 वर्ष), निवासी टिकारी, थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने 15 अक्टूबर 2026 को उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, भगवानपाली (धनगंवा) निवासी गीताराय (28 वर्ष) ने वर्ष 2024 में अपनी इच्छा से सतीश कुमार राय से विवाह किया था। 18 अप्रैल 2026 की रात करीब 11 बजे उसने आग लगा ली थी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद चौकी मल्हार, थाना मस्तूरी में मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की गई थी।जांच के दौरान मृतिका के मृत्यु पूर्व कथन, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, अस्पताल के दस्तावेज, घटनास्थल निरीक्षण और गवाहों के बयान के आधार पर महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए। पुलिस के मुताबिक, 15 और 16 अप्रैल को ग्राम बरछा, जिला मुंगेली में आयोजित विवाह समारोह के दौरान मृतिका के जीजा विनेत जोगी ने उसके चरित्र पर लांछन लगाकर विवाद किया था। मृतिका ने अपने मृत्यु पूर्व कथन में इस विवाद के कारण मानसिक तनाव में आकर आत्मघाती कदम उठाने की बात कही थी।
जांच में प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।