
रमेश राजपूत
बिलासपुर – कोटा थाना क्षेत्र के नवापथरा मोड़ के पास गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक चला रहे युवक की जान चली गई। तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों लोग दूर जा गिरे। इस हादसे में बाइक चला रहे महेंद्र जगत ट्रक की चपेट में आ गए और कुचलने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उनके बड़े भाई सुरेंद्र जगत घायल हो गए, जबकि उनके बेटे आदित्य के दोनों पैरों में फ्रैक्चर हो गया। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
बीजा की ओर से आया ट्रक, बाइक को मारी टक्कर
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, प्रार्थी सुरेंद्र जगत निवासी ग्राम साल्हेकापा, थाना तखतपुर, मिस्त्री का काम करते हैं। 15 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 12 बजे वह अपने छोटे भाई महेंद्र जगत और बेटे आदित्य के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक CG 28 L 0368 से ग्राम साल्हेकापा से करगीकला जा रहे थे। बाइक महेंद्र चला रहे थे, जबकि बीच में आदित्य और सबसे पीछे सुरेंद्र बैठे थे। तीनों जैसे ही नवापथरा मोड़ के पास पहुंचे, तभी ग्राम बीजा की ओर से पीछे आ रहे ट्रक क्रमांक CG 10 BM 1500 के चालक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर दूर जा गिरे। इस दौरान महेंद्र मोटरसाइकिल सहित ट्रक की चपेट में आ गए। गंभीर रूप से कुचलने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
पिता के हाथ और सिर में चोट, बेटे के दोनों पैर टूटे
हादसे में सुरेंद्र जगत के दोनों हाथों की कोहनी और सिर के बाईं ओर चोटें आईं। उनके बेटे आदित्य के दोनों पैरों में चोट लगने से फ्रैक्चर हो गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची आपातकालीन सेवा की मदद से घायल आदित्य को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने हादसे में शामिल ट्रक का नंबर फोटो के जरिए सुरक्षित रखा, जिसके आधार पर सुरेंद्र ने वाहन की पहचान बताई। भाई के शव को मरच्युरी में रखवाने के बाद वह रिपोर्ट दर्ज कराने कोटा थाने पहुंचे।
ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज
प्रार्थी की शिकायत पर कोटा पुलिस ने ट्रक क्रमांक CG 10 BM 1500 के चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1), 125(a), 125(b) और 281 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
