
रमेश राजपूत
बिलासपुर – न्यायधानी में बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक अपनी बाइक से घर लौट रहा था, तभी नेहरू चौक के पास अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और वह वाहन समेत नाले में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए सिम्स भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
काम से लौटते समय हुआ हादसा

मृतक की पहचान मनीष कुमार सेंद्रे पिता सुखचैन सेंद्रे, उम्र 30 वर्ष, निवासी गोकुलधाम क्षेत्र, बिलासपुर के रूप में हुई है। वह मूल रूप से मुंगेली जिले के चिल्फी थाना क्षेत्र का रहने वाला था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 27 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11:30 बजे की है। मनीष लाल रंग की पैशन बाइक क्रमांक CG 28 E 7066 पर सवार होकर अपने काम के सिलसिले में लगरा गया था। वहां से वापस लौटते समय वह नेहरू चौक के पास पहुंचा। इसी दौरान बाइक पर से उसका नियंत्रण हट गया और वह बाइक समेत नाले में जा गिरा।
राहगीरों ने दी पुलिस को सूचना

रात के समय हुए इस हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। इसके बाद युवक को बाहर निकालकर उपचार के लिए सिम्स भेजा गया, लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी। चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मनीष को मृत घोषित कर दिया।
पीएम के बाद परिजनों को सौंपा शव

बुधवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। युवक की मौत से परिजनों में शोक का माहौल है। वहीं, पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बाइक अनियंत्रित होकर नाले में गिरी थी, लेकिन वाहन से नियंत्रण हटने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस जांच के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा।