
रमेश राजपूत
बिलासपुर – जिले के चकरभाठा थाने में पुलिस की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए एनडीपीएस एक्ट का एक आरोपी फरार हो गया। पूछताछ के लिए थाने लाए गए आरोपी ने चप्पल मांगने के बहाने ऐसा मौका तलाशा कि सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों को भनक तक नहीं लगी और वह चकमा देकर भाग निकला। घटना सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में ड्यूटी पर तैनात दो आरक्षकों को लाइन अटैच कर दिया गया है। वहीं चकरभाठा सीएसपी और थाना प्रभारी को भी वरिष्ठ अधिकारियों की कड़ी फटकार का सामना करना पड़ा है। मिली जानकारी के मुताबिक, एनडीपीएस एक्ट के मामले में आरोपी को पूछताछ के लिए चकरभाठा थाने लाया गया था। थाने में उसकी निगरानी और सुरक्षा की जिम्मेदारी आरक्षक भागवत चंद्राकर और गोवर्धन शर्मा को सौंपी गई थी। दोनों आरक्षकों की मौजूदगी के बावजूद आरोपी ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था में सेंध लगा दी। बताया जा रहा है कि आरोपी ने चप्पल देने की बात कहकर पुलिसकर्मियों का ध्यान भटकाया और इसी दौरान मौका पाकर थाने से फरार हो गया।
थाने से आरोपी के फरार होते ही मची अफरा-तफरी
आनन-फानन में आरोपी की तलाश शुरू की गई और संभावित ठिकानों पर उसकी खोजबीन की जा रही है। घटना ने थाने के भीतर आरोपी की निगरानी और सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि पुलिस अभिरक्षा में मौजूद एक आरोपी आखिर इतनी आसानी से कैसे फरार हो गया? क्या सुरक्षा में तैनात जवानों ने निर्धारित सतर्कता नहीं बरती या थाने की निगरानी व्यवस्था में ही कोई बड़ी चूक थी? फिलहाल दो आरक्षकों को लाइन अटैच कर दिया गया है, लेकिन आरोपी के फरार होने की घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली को कठघरे में खड़ा कर दिया है।