
उदय सिंह
बिलासपुर – सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत राजेंद्र नगर चौक के पास तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाई जा रही कार की टक्कर से गंभीर रूप से घायल बाइक सवार युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया है। मामले में सिविल लाइन पुलिस ने कार चालक के खिलाफ धारा 106(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बगीचापारा अमेरी निवासी मंगल प्रसाद बारले का पुत्र चंद्रशेखर बारले प्रयास हॉस्टल पचरीघाट में काम करता था। 29 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 7 बजे वह अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG10 BW 8107 से ड्यूटी पर जा रहा था। इसी दौरान राजेंद्र नगर चौक के पास सामने से आ रही नीले रंग की कार क्रमांक WB08H3013 के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।हादसे में चंद्रशेखर के बाएं हाथ, सिर और दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं। उसे तत्काल उपचार के लिए प्रथम अस्पताल, सरकंडा में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा था। लेकिन 30 अक्टूबर की शाम करीब 6:30 बजे उसने दम तोड़ दिया।पुत्र की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पिता मंगल प्रसाद बारले की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने नीले रंग की कार के चालक के खिलाफ धारा 106(1) BNS के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।