
उदय सिंह
बिलासपुर – जिले के हिर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुरेली स्थित बिजली सब-स्टेशन में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। ड्यूटी पर तैनात 32 वर्षीय ऑपरेटर अमन साहू की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मच गया, वहीं मृतक के परिवार में मातम छा गया है।मिली जानकारी के अनुसार, तखतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम ढनढन निवासी अमन साहू (32 वर्ष), पिता हेमंत साहू, कुरेली बिजली सब-स्टेशन में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे। शनिवार सुबह करीब 6 बजे जब दूसरा ऑपरेटर शिफ्ट बदलने के लिए सब-स्टेशन पहुंचा, तो अमन साहू जमीन पर अचेत अवस्था में पड़े मिले।सहकर्मी ने तत्काल इसकी सूचना बिजली विभाग के अधिकारियों और परिजनों को दी।

इसके बाद अमन को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उनकी मौत करंट की चपेट में आने से होने की आशंका जताई जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही हिर्री पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा सहित आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ऑपरेटर किन परिस्थितियों में करंट की चपेट में आए।इस दर्दनाक हादसे से बिजली विभाग के कर्मचारियों और ग्रामीणों में शोक का माहौल है। वहीं, अमन साहू की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अब पुलिस जांच और विभागीय पड़ताल के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।