
रमेश राजपूत
बिलासपुर – सोशल मीडिया पर दोस्ती कर शेयर बाजार में मोटे मुनाफे का सपना दिखाकर लाखों रुपये की ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस बार साइबर ठगों ने एसईसीएल से सेवानिवृत्त डिप्टी जनरल मैनेजर (विद्युत यांत्रिकी) को अपना शिकार बनाया। इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क में आई एक युवती ने अमेरिकी शेयर बाजार में ट्रेडिंग के नाम पर उनसे अलग-अलग किश्तों में 66 लाख रुपये निवेश करा लिए। जब पीड़ित ने अपनी रकम और मुनाफा निकालने की कोशिश की, तो ठगों ने टैक्स के नाम पर अग्रिम राशि मांगनी शुरू कर दी। इसके बाद उन्हें अपने साथ हुई धोखाधड़ी का एहसास हुआ। साइबर रेंज बिलासपुर पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इंस्टाग्राम से शुरू हुई दोस्ती, फिर निवेश का जाल
सरकंडा थाना क्षेत्र के अशोक नगर, बिरकोना रोड स्थित सीके आवास निवासी कुलदीप सिंह ठाकुर 63 वर्ष नवंबर 2022 में एसईसीएल से डिप्टी जीएम के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। उनकी शिकायत के अनुसार, 2 जून 2026 को सुबह करीब 9:30 बजे इंस्टाग्राम आईडी के माध्यम से उनकी पहचान तनिशा ठाकुर नाम की युवती से हुई। युवती ने खुद को आगरा निवासी और गुरुग्राम की डेलॉइट कंपनी में फाइनेंस मैनेजर बताया। बातचीत के दौरान कुलदीप सिंह ने शेयर और म्यूचुअल फंड में पहले हुए नुकसान का जिक्र किया। इस पर युवती ने उन्हें अमेरिकी बाजार में ट्रेडिंग कर अधिक मुनाफा कमाने का भरोसा दिलाया और निवेश में पूरी मदद करने का आश्वासन दिया।
ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर निवेश, खातों में पहुंचाए 66 लाख
शिकायत के मुताबिक, युवती ने उन्हें एक ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर निवेश करने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद पीड़ित ने अपने एक्सिस बैंक खाते से बताए गए बैंक खातों में आरटीजीएस के माध्यम से कुल 66 लाख रुपये ट्रांसफर किए। 27 जुलाई को 17 लाख, 27 अगस्त को 10 लाख, 3 सितंबर को 10 लाख और 8 सितंबर को 15 लाख रुपये सहित विभिन्न किश्तों में रकम जमा कराई गई। पीड़ित का आरोप है कि 2 जून से 29 अक्टूबर 2026 के बीच उनसे अमेरिकी बाजार में ट्रेडिंग के नाम पर कुल 66 लाख रुपये निवेश कराए गए।
रकम निकालने की बारी आई तो मांगा टैक्स
जब कुलदीप सिंह ने निवेश की रकम और लाभांश निकालने की बात कही, तो संबंधित लोगों ने टैक्स के नाम पर अग्रिम धनराशि जमा करने की मांग की। इसी दौरान उन्हें संदेह हुआ कि ट्रेडिंग के नाम पर उनके साथ धोखाधड़ी की गई है। पीड़ित ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
साइबर रेंज पुलिस ने दर्ज किया मामला
कुलदीप सिंह की शिकायत पर साइबर रेंज बिलासपुर पुलिस ने इंस्टाग्राम आईडी, संबंधित मोबाइल नंबरों और ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के संचालकों के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस अब बैंक खातों, रकम के लेनदेन और सोशल मीडिया संपर्कों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
