
उदय सिंह
बिलासपुर – सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम जांजी में चोरी की कोशिश के दौरान एक अज्ञात चोर ने घर के मालिक पर रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में गृहस्वामी प्रदीप सारथी गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर पर गंभीर चोट आई है, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, ग्राम जांजी निवासी प्रदीप सारथी बीती रात अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी नींद खुल गई। जब वह कमरे से बाहर निकले तो घर में घुसने की कोशिश कर रहा एक अज्ञात व्यक्ति वहां मौजूद था। घर के मालिक को सामने देखकर चोर घबरा गया और खुद को बचाने के लिए उसने प्रदीप पर रॉड से हमला कर दिया। हमले में प्रदीप के सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद घायल प्रदीप को तत्काल उपचार के लिए सिम्स पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
चोरी की कोशिश या जानलेवा हमला, सुरक्षा पर उठे सवाल
इस घटना ने ग्रामीण क्षेत्रों में घरों की सुरक्षा और रात के समय बढ़ती आपराधिक गतिविधियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस तरह घर में घुसने की कोशिश कर रहे अज्ञात चोर ने पकड़े जाने के डर से गृहस्वामी पर रॉड से हमला किया, उससे यह आशंका भी गहरा गई है कि आरोपी चोरी के साथ किसी बड़ी वारदात को भी अंजाम दे सकता था। फिलहाल पीड़ित का सिम्स में उपचार जारी है। घटना से जुड़े अन्य पहलुओं और आरोपी की पहचान को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर चिंता बनी हुई है।