
जुगनू तंबोली
बिलासपुर – रतनपुर क्षेत्र में बकरियों के लिए चारा काटने गए एक 22 वर्षीय युवक की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब युवक लखनी देवी मंदिर की पहाड़ी की तरफ चारा काट रहा था। अचानक ऊपर से गुजर रही 33 केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, वहीं युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मिली जानकारी के अनुसार, मृतक मिर्जा सलमान बेग पिता साहबान बेग उर्फ नदकी, उम्र 22 वर्ष, बकरियों के लिए चारा काटने लखनी देवी मंदिर की पहाड़ी की ओर गया था। इसी दौरान चारा काटते समय वह अचानक ऊपर से गुजर रही 33 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। करंट का जोरदार झटका लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को तत्काल रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर स्थित सिम्स रेफर कर दिया। परिजन और स्थानीय लोग उसे लेकर सिम्स पहुंचे, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की असमय मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। वार्ड में भी शोक का माहौल है।