
उदय सिंह
बिलासपुर – फरार वारंटियों की धरपकड़ के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन बॉज के तहत सकरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में 6 स्थायी वारंटियों और 2 गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी वारंटियों को अलग-अलग स्थानों से पकड़ा और आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के निर्देश पर फरार स्थायी वारंटियों और गिरफ्तारी वारंटियों की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में सकरी थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंदे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। न्यायालय से जारी वारंटों की तामिली के लिए पुलिस ने अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान दीपक यादव उर्फ पीपी (22 वर्ष), राकेश टोंडे (30 वर्ष), धरम उर्फ काछी रजक (17 वर्ष), रिया जैन (26 वर्ष) सहित अन्य वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों में स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं। इस कार्रवाई में निरीक्षक संजय सिंदे, प्रधान आरक्षक टीकाराम निषाद, प्रधान आरक्षक अर्चना साहू, आरक्षक जीना अनंत, मनोज बघेल, सुनील सूर्यवंशी, सज्जू अली, राजकुमार मधुकर और महिला आरक्षक प्रीति शर्मा की सराहनीय भूमिका रही। सकरी पुलिस की इस कार्रवाई से लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों में हड़कंप मचा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि न्यायालयीन वारंटों की तामिली और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।