
जुगनू तंबोली
रतनपुर – महामाया चौक स्थित न्यू अलंकार बैंड एंड धुमाल पार्टी की दुकान में शनिवार तड़के करीब 3 बजे भीषण आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी दुकान इसकी चपेट में आ गई। दुकान में रखे बैंड-बाजे, धुमाल पार्टी के उपकरण, छतरी लाइट और अन्य कीमती सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए। आगजनी से दुकान संचालक को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। जानकारी के अनुसार, दुकान संचालक संजय रोहिदास निवासी रानीपारा, रतनपुर की महामाया चौक में न्यू अलंकार बैंड एंड धुमाल पार्टी के नाम से दुकान है। बीती रात अचानक दुकान से आग की लपटें उठने लगीं। आसपास के लोगों ने आग देखकर तत्काल दुकान संचालक को इसकी सूचना दी। जब तक आग बुझाने का प्रयास किया जाता, तब तक लपटों ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया था। संजय रोहिदास के मुताबिक आगजनी में लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
नगरपालिका की दमकल खराब, बिलासपुर से पहुंची गाड़ी
इस घटना के दौरान रतनपुर नगरपालिका की दमकल व्यवस्था की बदहाली भी सामने आई। बताया जा रहा है कि नगरपालिका की दमकल गाड़ी खराब होने के कारण तत्काल आग बुझाने की व्यवस्था नहीं हो सकी। काफी देर बाद बिलासपुर से दमकल वाहन बुलाया गया, जिसके पहुंचने पर आग पर काबू पाया जा सका। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय पर दमकल वाहन उपलब्ध हो जाता तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था।

CCTV फुटेज से खुलेगा आगजनी का राज
दुकान संचालक और स्थानीय लोगों ने आग लगने के पीछे असामाजिक तत्वों का हाथ होने की आशंका जताई है। हालांकि आग लगने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। रतनपुर पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस जांच के बाद ही आग लगने की वजह और घटना से जुड़े तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।
